Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Politics: क्या 2024 में टूट जाएगा BJP-JJP का गठबंधन? अमित शाह ने नहीं खोले अपने पत्ते; दिए अहम संकेत

Amit Shah ने अपने 22 मिनट के संबोधन में एक बार भी हरियाणा की गठबंधन सरकार का जिक्र नहीं किया बल्कि हर बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार और भाजपा की सरकार का जिक्र किया। वहीं दूसरी ओर रणजीत चौटाला को रैली में पूरा भाव मिला।

By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaUpdated: Sun, 18 Jun 2023 09:52 PM (IST)
Hero Image
क्या 2024 में टूट जाएगा BJP और JJP का गठबंधन? अमित शाह की रैली से मिले अहम संकेत

सिरसा, अनुराग अग्रवाल। हरियाणा में मिशन-2024 का आगाज करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) के गठबंधन के भविष्य को लेकर पूरी तरह से पत्ते नहीं खोले। हालांकि, उनके भाषण की लय से स्पष्ट संकेत मिला कि लोकसभा चुनाव में भाजपा स्वयं के बूते राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने की तैयारी कर रही है।

अमित शाह ने अपने 22 मिनट के संबोधन में एक बार भी हरियाणा की गठबंधन सरकार का जिक्र नहीं किया, बल्कि हर बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार और भाजपा की सरकार का जिक्र किया।

दूसरी ओर, रैली के मंच पर निर्दलीय कोटे से बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और हलोपा विधायक गोपाल कांडा की उपस्थिति यह संकेत देने के लिए काफी रही कि पिछले दिनों भाजपा प्रभारी बिप्लब देब ने जेजेपी का हाथ झटकने और निर्दलीय विधायकों को साथ लेकर चलने की जो कसरत की, वह बेवजह नहीं थी।

शाह ने चौटाला परिवार को पिन चुभोने का काम किया

भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह ने बड़ी चतुराई के साथ चौटाला परिवार को उनके अपने गढ़ में पिन चुभोने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शाह खुलकर हमलावर रहे, लेकिन उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और सरकार में साझीदार जेजेपी और उनके उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को लेकर एक भी शब्द नहीं बोला।

चौटालाओं की राजनीति पर खड़े कर दिए सवाल

हालांकि, अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्व. देवीलाल के मन में किसानों व कमेरे वर्ग के प्रति चिंता थी। उनकी चिंता को प्रधानमंत्री मोदी के अलावा किसी ने नहीं समझा। इसका मतलब साफ है कि देवीलाल के बेटे ओमप्रकाश चौटाला हों या फिर पोते अभय चौटाला व अजय चौटाला तथा पड़पोते दुष्यंत चौटाला, सभी की राजनीति पर शाह ने सवाल खड़े कर दिए।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नौ साल की सरकार को पूरे नंबर देते हुए शाह ने यह संकेत भी दिया कि जिस तरह से अगला लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, उसी तरह हरियाणा में मनोहर लाल सरकार का बड़ा चेहरा होंगे।

रणजीत सिंह चौटाला को मिला शाह के मंच पर पूरा भाव

'गौरवशाली भारत रैली' में हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को पूरा भाव मिला। सभी वक्ताओं ने जहां उनकी खुलकर तारीफ की, वहीं अमित शाह रैली खत्म करने के बाद रणजीत सिंह चौटाला के घर चाय पीने भी गए। यह इस बात का संकेत है कि भाजपा का यकीन गठबंधन की राजनीति को आगे बढ़ाने की बजाय स्वयं की राजनीति को गति देने में अधिक है। रणजीत चौटाला को अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संबोधन से पहले रैली के मंच से बोलने का मौका भी मिला।

ये भी पढ़ें- Amit Shah ने हरियाणा में किया मिशन-2024 का आगाज, जमकर की CM मनोहर लाल की तारीफ; भूपेंद्र हुड्डा को दिया चैलेंज

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर