Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Weather: तीन दिन बारिश, 40 की स्पीड चलेगी हवा; IMD ने बताया- कब साफ होगा मौसम

मार्च में बार बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ज्यादा गर्मी नहीं देखने को मिली। जिसके कारण फसल पकने में देरी हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि सोनीपत में अभी तीन दिन और मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। तीन अप्रैल रात्रि को तेज हवा के साथ पश्चिमी हरियाणा के कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

By Niranjan Kumar Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Tue, 02 Apr 2024 08:34 PM (IST)
Hero Image
तीन दिन बादल गरजने के साथ होगी बूंदाबांदी

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिले में अभी तीन दिन और मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर स्पीड से ठंडी हवाएं भी चलेगी। छह अप्रैल के बाद मौसम साफ होगा और गर्मी बढ़ेगी।

अंतिम सप्ताह में लू की संभावना

महीने के दूसरे सप्ताह तक 35 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है, जबकि अंतिम सप्ताह में लू की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, मार्च की तरह अप्रैल में भी तीन से चार पश्चिमी विक्षोभ की संभावना बन रही है। इससे बीच बीच में राहत मिलती रहेगी।

मंगलवार को 1.0 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सप्ताह के अंत तक तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गेहूं की फसल को पकने में आसानी होगी और कटाई का काम शुरू हो सकेगा।

मार्च नहीं दिखी ज्यादा गर्मी

मार्च में बार बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ज्यादा गर्मी नहीं देखने को मिली। जिसके कारण फसल पकने में देरी हो रही है। जबकि प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद भी शुरू कर दी है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम पांच अप्रैल तक परिवर्तनशील रहेगा।

बीच बीच में आंशिक बादल भी संभावित है। इस दौरान तीन अप्रैल रात्रि को तेज हवा के साथ पश्चिमी हरियाणा के कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। चार व पांच अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने, लेकिन रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इसके बाद छह अप्रैल से शुष्क होगा, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी संभावित है। उन्हाेंने बताया कि छह अप्रैल के बाद गेहूं की फसल पकने के लिए अनुकूल मौसम होगा। इसका किसानों को लाभ मिलेगा और गेहूं की बालियां सूख जाएंगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें