Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: कौन पड़ेगा किस पर भारी? भाजपा का विकास या कांग्रेस के सवाल

Haryana Vidhansabha Chunav 2024 हरियाणा में विधानसभा चुनाव का एलान हो चुका है। ऐसे में 10 सालों से सत्ता पर काबिज भाजपा के लिए कांग्रेस कितनी बड़ी चुनौती साबित होगी। इसका अंदाजा हाल में हुए लोकसभा की 10 सीटों के चुनाव परिणाम ने बता दिए। यही कराण है कि कांग्रेस ने हरियाणा मांगे हिसाब नामक कैंपेन चलाया। जिसकी तोड़ अब भाजपा को निकालनी है।

By Niranjan Kumar Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Sat, 17 Aug 2024 04:21 PM (IST)
Hero Image
Haryana Chunav 2024: कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब के मेगा प्लान का तोड़ तलाश रही भाजपा। फाइल फोटो

निरंजन कुमार, सोनीपत। विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सभी छह हलकों में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई है। भाजपा दस साल के दौरान किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच में है तो कांग्रेस नेता हरियाणा मांगे हिसाब कैंपेन के जरिए भाजपा से सवाल पूछ रहे हैं।

भाजपा का बिना खर्ची और पर्ची के नौकरी देने, हाईवे, समान रूप से प्रदेश में विकास कार्य करवाने और आमजन के कार्यों में पारदर्शिता लाने की उपलब्धि के दम पर तीसरी बार सरकार बनाने का दावा है तो, लोकसभा चुनाव में जीत से उत्साहित कांग्रेस (Haryana Congress) ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और पोर्टल सिस्टम को लेकर भाजपा को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस नेता अपनी हर रैली और जनसभा में भाजपा से हरियाणा मांगे जवाब के माध्यम से सवाल पूछ रहे हैं। भाजपा (Haryana BJP) नेता कांग्रेस के इस मेगा प्लान का तोड़ तलाश रहे हैं।

 दस सालों में प्रदेश के विकास के लिए लगातार हुए कार्य-बड़ौली

भाजपा-प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली (Mohan Lal Badoli) ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य किए हैं। प्रदेश में अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए समान विकास किया गया। पूरे कार्यकाल के दौरान कभी भी भाजपा सरकार पर क्षेत्रवाद व भाई-भतीजावाद का आरोप नहीं लगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरी दी गई।

इसके साथ ही सभी वर्गों व बिरादरियों को साथ लेकर कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा होगी और सभी सीटों पर पार्टी पिछले दस वर्षों में प्रदेश में किए गए विकास कार्यों और मोदी सरकार की नीतियों को लेकर जाएगी। विधानसभा चुनाव के लिए विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं है और जनता विपक्ष के झूठे प्रचार को समझ चुकी है।

हमने सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास के लिए पूरा प्रयास किया। जिले में अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी, रेल कोच नवीनीकरण कारखाना, राजकीय कालेज, मारुति प्लांट, रोड कनेक्टिविटी और दर्जनों विकास कार्य पूरे करवाए।

पार्टी की रणनीति है कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ा जाए, जिसमें हम कामयाब भी रहे हैं। गैस सिलेंडर की बात हो या फिर महिला रोजगार की, भाजपा ने हर वर्ग की महिलाओं का ख्याल रखा है।

जसवीर दोदवा, जिलाध्यक्ष भाजपा

कांग्रेस का मेगा प्लान

भाजपा सरकार से हर वर्ग के लोग दुखी हैं। सोनीपत की जनता ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी को जिताने का काम किया। उसी तरह अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस सभी छह सीटों पर भारी अंतर से जीत दर्ज करेगी। क्योंकि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और पोर्टल सिस्टम से लोग धक्के खा रहे हैं। हरियाणा आज सबसे असुरक्षित राज्य है जहां अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। राज्य में दलितों पर अत्याचार बढ़ने और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। बीजेपी ने राज्य के लोगों का भरोसा तोड़ा है। इस बार हम राई और गन्नौर की सीट भी जीतेंगे।-सतपाल ब्रह्मचारी, कांग्रेस सांसद

जिला मीडिया कार्डिनेटर मनोज रिढाऊ ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा जीत के लिए मेगा प्लान तैयार किया है। इस समय चार सीटें कांग्रेस के पास है और विधानसभा चुनाव में इसी मेगा प्लान के जरिए सभी छह सीटों पर जीत होगी।

कांग्रेस विचारधारा ,समन्वय, मैनेजमेंट कमेटी, नारी शक्ति भागीदारी के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सोनीपत में जीत के तमाम तरह के हथकंडे अपना रही है। कांग्रेस के मेयर निखिल मदान को तोड़ लिया तो शहरी विधायक सुरेंद्र पंवार को झूठे केसों में उलझा कर जेल में डाल दिया, लेकिन ये जनता है साहब, सब कुछ जानती समझती है। अगर सुरेंद्र पंवार को नहीं छोड़ा गया तो वे जेल से भी चुनाव लड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Haryana Chunav 2024: हरियाणा चुनाव का हो गया एलान, गुरुग्राम और फरीदाबाद में क्या है मौजूदा राजनीतिक स्थिति