Sonipat News: एमएनएसएस के प्रिंसिपल डायरेक्टर को हटाया, शोकाज नोटिस के बाद नहीं दिया था स्पष्टीकरण
राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल के प्रिंसिपल कर्नल अशोक मोर को पद से हटा दिया गया है। जांच में सहयोग नहीं करने पर खेल विभाग ने आदेश जारी किया है। उन्होंने शोकाज नोटिस के बाद स्पष्टीकरण नहीं दिया था। पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में अटैच करते हुए रिपोर्ट करने को कहा है। स्कूल का चार्ज वाइस प्रिंसिपल मौसमी घोषाल को सौंपा गया है।
सोनीपत, जागरण संवाददाता। राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल के प्रिंसिपल कर्नल अशोक मोर को पद से हटा दिया गया है। जांच में सहयोग नहीं करने पर खेल विभाग ने आदेश जारी किया है। उन्होंने शोकाज नोटिस के बाद स्पष्टीकरण नहीं दिया था।
पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में अटैच करते हुए रिपोर्ट करने को कहा है। स्कूल का चार्ज वाइस प्रिंसिपल मौसमी घोषाल को सौंपा गया है। विजिलेंस अधिकारी विवेक पदक के स्कूल पहुंचने पर शिकायतों से संबंधित रिकॉर्ड मांगने पर नहीं दिया था।
कर्नल मोर को दिया था शोकाज नोटिस
बता दें कि खेल स्कूल तीन महीने से राजनीति का अखाड़ा बना था। कर्नल मोर को शोकाज नोटिस दिया गया था। 10 शिकायतों पर खेल विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी नवदीप विर्क ने नोटिस जारी किया था।
सहायक खेल निदेशक विवेक पदम को शिकायतों की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल के प्रिंसिपल डायरेक्टर कर्नल अशोक मोर पर विभिन्न आरोप लगे हैं। शिक्षक के साथ मिलकर परीक्षा में बच्चों को नकल कराने, खेलों में शर्मनाक प्रदर्शन, कच्चे कर्मचारियों से अभद्रता व नौकरी से निकालने और ऑफिस में जासूसी करने के आरोप लगे हैं।
निलंबित शिक्षक बहाल, प्राचार्य निदेशक को चेतावनी
स्कूल में दाखिलों के दौरान शिक्षक पंकज वर्मा पर नाप-तौल में गड़बड़ी का आरोप लगाकर निलंबित कर दिया गया था। प्राचार्य निदेशक कर्नल अशोक मोर के निलंबन के आदेशों को प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने खारिज कर शिक्षक को बहाल किया। उन्होंने प्राचार्य निदेशक को चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने को कहा है।