Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election: गोहाना में 22 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को साधेंगे PM मोदी, रैली की तैयारियां जोरों पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गोहाना में एक रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आयोजित की जा रही है। रैली में भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। इस बार भाजपा यहां कमल खिलाने की कोशिश में है। रैली स्थल पर बड़ा पंडाल तैयार करवाया जा रहा है। पंडाल को कई सेक्टरों में बांटा जाएगा।

By Paramjeet Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 24 Sep 2024 02:23 PM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गोहाना में रैली करेंगे। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, गोहाना। विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गोहाना में हुंकार भरकर 22 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को साधेंगे। गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे के बाईपास के साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की खाली जगह में रैली होगी।

रैली की तैयारियां जोरों पर हैं और रैली स्थल पर बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। रैली स्थल के पास तीन हैलीपेड तैयार करवाए गए हैं, जहां पर सोमवार को हैलीकाप्टरों से उड़ान और लैंडिंग की रिहर्सल की गई। प्रधानमंत्री के साथ रैली में भाजपा के कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे।

इस बार यहां कमल खिलाने की कोशिश में है भाजपा

सोनीपत व रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 18 विधानसभा क्षेत्र और पानीपत जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त रैली गोहाना में होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में कांग्रेस के अधिक प्रत्याशी जीते थे। इस बार यहां पर भाजपा कमल खिलाने की कोशिश कर रही है।

गोहाना तीनों जिलों के केंद्र में है, जिसके चलते यहां पर रैली रखी गई। प्रधानमंत्री मोदी रैली को संबोधित करेंगे। रैली में सभी क्षेत्रों से भाजपा के प्रत्याशी भी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है।

रैली स्थल पर तैयार कराया जा रहा बड़ा पंडाल

रैली स्थल पर बड़ा पंडाल तैयार करवाया जा रहा है। पंडाल को कई सेक्टरों में बांटा जाएगा। यहां पर महिलाओं के बैठने के लिए अलग सेक्टर रहेंगे। नेता व कार्यकर्ता गांवों व शहरों में जाकर लोगों को रैली में पहुंचने का निमंत्रण दे रहे हैं। रैली स्थल के पास तीन हैलीपेड तैयार करवाए गए हैं।

भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने कहा कि रैली ऐतिहासिक होगी। रैलीस्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर पार्किंग रहेगी। दूसरी तरफ रैली स्थल पर तैयारियां शुरू होते ही पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। अधिकारी अपनी देखरेख में पंडाल तैयार करवा रहे हैं। आसपास के क्षेत्र में बने भवनों को खाली करवा दिया गया है। भवनों को पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया है।