Move to Jagran APP

तीन बार के विधायक जी नोटा से भी हारे, 6 सीटों पर 2491 मतदाताओं को पसंद नहीं आया कोई प्रत्याशी

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे चौंकाने वाले रहे। भाजपा को 48 सीटों पर जीत मिली जबकि कांग्रेस को 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं सोनीपत विधानसभा की छह सीटों पर 2491 मतदाताओं ने किसी भी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया। बरोदा सीट से तीन बार विधायक रह चुके रमेश खटक सहित 30 उम्मीदवार NOTA से भी हार गए। जानिए पूरी खबर।

By Deepak Gijwal Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 09 Oct 2024 04:23 PM (IST)
Hero Image
रमेश खटक बरोदा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। फाइल फोटो

दीपक गिजवाल, सोनीपत। सोनीपत विधानसभा की छह सीटों पर 2491 मतदाताओं को कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं आया। बरोदा सीट से तीन बार विधायक रह चुके रमेश खटक सहित 30 प्रत्याशी नोटा से भी हार गए। रमेश कुमार खटक इस बार जननायक जनता पार्टी की टिकट पर खरखौदा विधानसभा से अपनी किस्मत आजमा रहे थे।

क्षेत्र की जनता ने उन्हें कुल 207 वोट दिए हैं। वहीं, क्षेत्र के 336 मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा का बटन दबाया है। रमेश खटक ने लोकसभा चुनाव में सिरसा से चुनाव लड़ा था, इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

30 प्रत्याशियों को मिले नोटा से कम वोट

चुनावी मैदान में उतरे कुल 65 प्रत्याशियों में से 30 को नोटा से कम मत मिले हैं। इन प्रत्याशियों को अपने विधानसभा क्षेत्र में नोटा ने ही हरा दिया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो नोटा ने प्रत्याशियों से करीब 46 प्रतिशत ज्यादा वोट प्राप्त किए हैं।

ये भी पढ़ें-

टिकट कटा तो निर्दलीय लड़ा चुनाव, अब जीत के बाद विधायक देवेंद्र कादियान ने BJP को दिया समर्थन

सोनीपत विधानसभा सीट पर नोटा को सबसे ज्यादा 729 वोट मिले हैं। सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। यहां सात प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। राई विधानसभा में सबसे ज्यादा कुल 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे।

गोहाना में चार प्रत्याशी नोटा से भी हार गए

नोटा ने यहां 486 वोट हासिल किए। यहां पर जननायक जनता पार्टी के बिजेंद्र व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजेश सरोहा नोटा से नहीं जीत पाए। गोहाना विधानसभा में 11 प्रत्याशियों में से चार नोटा से हार गए। यहां पर नोटा पर 438 वोट पड़े।

गन्नौर विधानसभा सीट पर नोटा पर 230 वोट पड़े। क्षेत्र में 11 प्रत्याशियों में से तीन नोटा से नीचे रहे। जिनमें आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी सरोज बाला भी शामिल हैंं।

खरखौदा विधानसभा क्षेत्र पर 10 प्रत्याशियों में से छह को नोटा से कम वोट मिले हैं। नोटा को 336 वोट मिले हैं। बरोदा विधानसभा क्षेत्र में सात प्रत्याशियों में से एक नोटा से नीचे रहा। नोटा को यहां 272 वोट मिलें हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।