Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'आपके लोग होंगे टाइगर और शेर, हमारे कार्यकर्ता तो सेवक हैं', राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर कसा तंज

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर साढौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलवंत के समर्थन में बिलासपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि उनके कार्यकर्ता टाइगर और शेर हैं जबकि भाजपा के कार्यकर्ता सेवक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र में जो भी कहा है उसे हमेशा पूरा किया है।

By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Wed, 02 Oct 2024 06:16 PM (IST)
Hero Image
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के बीच बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साढौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलवंत के समर्थन में बिलासपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। रक्षा मंत्री ने कहा कि मैं प्रदेश के किसानों के बारे में जानता हूं। यहां के किसान बहुत मेहनती है। शायद ही ऐसा कोई गांव बचा है, जहां पर सेना का जवान न हो।

हरियाणा के लोगों के चरित्र के बारे में भी मैं जानता हूं। देश व समाज हित के लिए संघर्ष करना ये आदिकाल से जानते हैं। भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरती पर ही गीता का संदेश दिया। ऐसी महत्वपूर्ण धरती पर विधानसभा का चुनाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकास व विनाश का है।

मैं आपको आगाह करने आया हूं कि विपक्ष के बहकावे में न आएं। इन लोगों ने देश की जनता को गुमराह कर जनता का समर्थन हासिल किया है। डंके की चोट पर कहना चाहता हूं कि भाजपा ने घोषणा पत्र में जो भी कहा गया है उसको हमेशा पूरा किया गया है। हमारे कहने व करने में कोई अंतर नहीं रहा है।

वन नेशन वन इलेक्शन के गिनाए फायदे

उन्होंने कहा कि अभी-अभी लोकसभा का चुनाव हुआ। चार माह बाद विधानसभा का चुनाव हो रहा है। अच्छा होता चुनाव एक साथ होते। देश में चुनाव का सिलसिला चलता रहता है। पूरी प्रशासनिक मशीनरी इसी प्रक्रिया में लंबे समय तक लगी रहती है।

जनता के हित में प्रशासन को जितना काम करना चाहिए, उनको उतना समय ही नहीं मिल पाता। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फैसला किया है कि वन नेशन वन इलेक्शन होने चाहिए। इसके लिए संसद में वन नेशन वन इलेक्शन का बिल लेकर आएंगे। सारे विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव साथ होंगे। 100 दिन के अंदर ही जिला पंचायत व पंचायतों के चुनाव होंगे।

यह भी पढ़ें- लीला राम के 'काले सांड' वाले बयान पर फिर भड़के सुरजेवाला, कहा- गुंडे शासन नहीं चला सकते

नगर पालिका व नगर परिषद के चुनाव साथ हो जाएं, यह हमारी कोशिश है। जो भी देश के हित में होगा, उस काम को करने में हम कभी संकोच नहीं करते। हरियाणा की धरती किसानों की धरती है। जब भी मैं सीमाओं पर जाता हूं, मुझे सीमा की रक्षा करते हुए कोई न कोई हरियाणा के किसान का बेटा मिल जाता है।

'जनता को लूटकर भरते हैं अपना घर'

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संदेश दिया है कि हमारी सेना इस पार ही नहीं बल्कि सीमा के उस पार भी जाकर मार सकते हैं। उस पर भी कांग्रेस सवाल उठाती है। इनका काम यह है कि पहले जनता को लूटकर अपना घर भरो। फिर अपनों का घर भरो।

ओबीसी एसटी की बातें बोलकर इन्होंने देश को गुमराह किया है। लोकसभा चुनाव में इन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर आरक्षण खत्म हो जाएगा। संविधान में संशोधन कर देंगे। 42वां संविधान संशोधन कर कांग्रेस ने संविधान की आत्मा को कुचलने का काम किया है।

कांग्रेस पर कसा तंज

कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वादे बहुत किए। लेकिन आंशिक रूप से पूरे नहीं किए। यदि वादे पूरे किए होते तो हमारा यह अखंड भारत दुनिया का धनवान देश बन गया होता। दुनिया का ताकतवर देश बन गया होता। 10 वर्ष के अंदर हम लोगों ने क्या कि यह उन लोगों से पूछ लिजिए, जो विदेश में रह रहे हैं। देश का कद बढ़ा है।

पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जब भारत अपनी बात रखता तो उसको गंभीरता से नहीं लिया जाता था। आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है, तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। जहां तक हरियाणा की बात हो तो चाहे मनोहर लाल हो या फिर नायब सैनी सभी सेवा भाव से काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी पर बोला हमला

राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि हमारी पार्टी में कार्यकर्ता टाइगर हैं। शेर हैं। बड़ी खतरनाक बात है। हमारे टाइगर व शेर कभी-कभी आपस में लड़ जाया करते हैं। लेकिन राहुल जी आप जंगलों में नहीं गए होंगे। मैं जानता हूं, यदि कोई बेगुनाह व्यक्ति भी टाइगर व शेरों के बीच पहुंच जाएं तो यह उसको शिकार बना लेते हैं।

भाजपा के बारे मैं कहना चाहूंगा कि हम लोगों को टाइगर व शेर की जरूरत नहीं है। हमारा हर कार्यकर्ता सेवा भाव से हर व्यक्ति की सेवा करता है। शेर व टाइगर बनकर नहीं। मैं राहुल से कहना चाहता हूं कि देश को बांटने का काम न करें। भारत की आन बान शान की रक्षा करने में सिख समाज का बड़ा योगदान है।

इस योगदान को भारत कभी भूला नहीं सकता। सिख गुरुओ ने भाईचारे का संदेश दिया। यदि स्वर्ण मंदिर पर सोने का छत्र लगा तो काशी विश्वनाथ मंदिर पर भी सोने का छत्र लगाने का काम यदि किसी ने किया तो महाराजा रणजीत सिंह ने किया। सत्ता हासिल करने के लिए समाज को बांटने की जरूरत नहीं है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: ओपी चौटाला ने की कृषि बजट की घोषणा, किसानों को कर्ज माफी के अलावा किए 12 बड़े एलान

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें