Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana News: यमुनानगर के इस किसान ने घास की हरियाली से निकाली खुशहाली की राह, 20 लोगों को भी दे रहे रोजगार

यमुनानगर के किसान अमरजीत कांबोज ने लॉन घास की खेती से समृद्धि का रास्ता खोज निकाला है। इस खेती से 20 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। अमरजीत कांबोज के पास दूसरे राज्यों से भी ऑर्डर आ रहे हैं। वह दिल्ली मुंबई समेत कई मेट्रो सिटी में इसकी सप्लाई कर रहे हैं। अमरजीत कांबोज ने बताया कि वह चार तरह की लॉन घास तैयार कर रहे हैं।

By Popin kumar Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sun, 07 Jul 2024 10:17 AM (IST)
Hero Image
अपनी खेतों के बारी में जानकारी देते अमरजीत कांबोज

पोपीन पंवार, यमुनानगर। आर्थिक हालत मजबूत करने के लिए किसानों को परपंरागत खेती से बाहर निकलना होगा। यह बात सभी कहते हैं। इसका अनुसरण कुछ किसान ही करते हैं। ऐसे ही किसान हैं पांसरा गांव के अमरजीत कांबोज। उन्होंने घास की खेती से खुशहाली का रास्ता निकाला।

पहले वह गन्ने व धान की खेती करते थे और इससे किसी तरह गुजर बसर हो रहा था। कांबोज ने खोजबीन करने के बाद लॉन घास की खेती शुरू की। उनके दिन बदल गए। जैसे समृद्धि के द्वार खुल गए। खुद के हालात तो बदले ही, अब 15 से 20 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।

उनके पास हरियाणा के विभिन्न स्थानों के साथ दूसरे राज्यों से भी ऑर्डर आ रहे हैं। इसके अलावा वह इस घास की दिल्ली और मुंबई के साथ-साथ कई मेट्रो सिटी में सप्लाई करते हैं।

दोस्त ने दिया आइडिया, खुद की खोजबीन

कांबोज ने बताया कि उनके पास चार एकड़ जमीन है। वह पहले गन्ने, धान व गेहूं की खेती करते थे। किसी तरह से परिवार का गुजारा चल पाता था। परिवार की जरूरत पूरी करने के लिए वर्कशॉप का काम भी किया गया, लेकिन इस काम में आमदनी कम और खेती के लिए समय नहीं मिलता था।

उन्होंने कहा कि उनकी उम्र बढ़ती जा रही थी। वह आराम का काम करना चाहते थे। इसी दौरान उनके दोस्त ने लॉन घास की खेती के बारे में सुझाव दिया। इस खेती के बारे में इंटरनेट मीडिया पर पड़ताल की।

दिल्ली के कंझावला गए। वहां से इस खेती के बारे में जानकारी हासिल की। उसके बाद इस फसल के बाजार के बारे में पता किया। इसकी मांग बढ़ाने की दिशा में भी पड़ताल की।

चार तरह के लॉन घास कर रहे तैयार

अमरजीत ने बताया कि काफी तरह के लॉन घास हैं। उनके पास चार प्रकार के लॉन घास जैसे नीलगिरी, सलेक्स, कोरियन, बरमुडा खेत में हैं। इनकी कीमत पांच रुपये से 25 रुपये स्क्वायर फीट तक है। सभी लॉन घास की अच्छी मांग है। मेट्रो सिटी से उनके पास ज्यादा ऑर्डर आ रहे हैं।

नीलगिरी व कोरियन की विशेष खासियत है। यह गद्देदार होती है, जिस पर चलने व बैठने में आनंद आता है। इस कारण इस लॉन घास की कीमत अधिक होती हैं। सलेक्स व बरमुडा लॉन घास हरियाली के लिए होती है। इसको पार्टी लॉन के लिए तैयार किया जाता है।

पहले साल हुआ था नुकसान

कांबोज को अनुभव न होने के कारण पहले साल लॉन घास में काफी नुकसान हुआ। वर्षा से जलभराव होने के कारण घास खराब हो गई। वह दिल्ली से घास लेकर आए थे। दूसरे साल में फसल के बारे में जानकारी होने पर उनको आय होने लगी।

एक एकड़ में तैयार होती है 42 वर्ग फीट लॉन घास

कृषि अधिकारी डाक्टर आदित्य डबास ने बताया कि एक एकड़ में 43 हजार 560 वर्ग फीट होते हैं। 42 हजार वर्ग फीट में लॉन घास तैयार हो जाती है। यदि 10 रुपये प्रति फीट के हिसाब से यह बिकता है तो एक एकड़ में चार लाख से अधिक का घास बिक सकता है।

इस फसल के लिए खेत शहर से लगे हो व ट्रांसपोर्ट की सुविधा होनी चाहिए। इसकी नर्सरी में सप्लाई हो जाती है। प्ले ग्राउंड, कालोनी में बिल्डर से संपर्क कर व्यापार को बढ़ाया जा सकता है। खेत में जलभराव नहीं होना चाहिए। खरपतवार का भी ध्यान रखना होता है।

यह भी पढ़ें- Haryana Weather News: हरियाणा के आठ जिलों में हुई बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, आने वाले दिनों में जानें कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

अमरजीत का अच्छा प्रयास , दूसरे किसान भी करें शुरुआत

प्रदेश कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि किसान अमरजीत का अच्छा प्रयास है। दूसरे किसानों को भी अमरजीत से प्ररेणा लेनी चाहिए। वह भी उनके फार्म का दौरा करेंगे।

यह भी पढ़ें- काम की खबर! हरियाणा में धान की सीधी बिजाई पर मिलेगी चार हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि, किसान भाई ऐसे करें अप्लाई

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें