Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: चंबा के शिक्षक सुनील का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन, 5 सितंबर को किए जाएंगे सम्मानित

चंबा के शिक्षक सुनील कुमार ने दिव्यांगता को हराकर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार जीता है। वह हिमाचल के इकलौते शिक्षक हैं जिन्हें 2024 के लिए चुना गया है। सुनील कुमार खरगट स्कूल में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता हैं और उन्होंने कई छात्रों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पहुंचाया है। सुनील कुमार पोलियो को टीका गलत लगने के कारण दिव्यांग हो गए थे।

By Chamba Office Edited By: Prince Sharma Updated: Tue, 27 Aug 2024 09:42 PM (IST)
Hero Image
चंबा के शिक्षक सुनील का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन

संवाद सहयोगी, चुवाड़ी। आकांक्षी जिला चंबा के चुवाड़ी से संबंध रखने वाले शिक्षक सुनील कुमार के हौसले के आगे दिव्यांगत हार गई है। यही कारण है कि आज शिक्षक सुनील कुमार का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। जो कि जिला चंबा सहित क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

इससे बड़े गर्व की बात यह है कि पिछले पांच वर्षों में जिला चंबा से राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले सुनील कुमार तीसरे शिक्षक बन गए हैं, जो कि अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

सुनील कुमार को यह पुरस्कार पांच सितंबर को अध्यापक दिवस के मौके विज्ञान भवन नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा।

सुनील हिमाचल के इकलौते शिक्षक हैं, जो वर्ष 2024 के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए सुनील कुमार का चयन होने पर शिक्षा के क्षेत्र में जुड़े लोगों के अलावा सगे संबंधियों व जिला के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

इससे पहले चंबा से ही संबंध रखने वाले शिक्षक विकास महाजन और युद्धवीर टंडन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हासिल कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर, सुक्खू सरकार ने दिए 885 पदों पर भर्ती के निर्देश

पाेलियो का टीका नहीं बैठा फिट

सुनील कुमार बताते हैं, कि जब वह मात्र आठ माह के थे, तो उन्हें पोलियो का टीका लगा था। यही टीका उन्हें फिट नहीं बैठा ओर वह दिव्यांग हो गए।

आज भी चलने फिरने में काफी दिक्कत है, लेकिन हिम्मत, हौसले व लग्न के दम पर आगे बढ़े सुनील कुमार ने दिन रात पढ़ाई की ओर शिक्षक बने। उनके पढ़ाने के तौर तरीके व नजरिए ने ही उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार तक पहुंचा दिया।

खरगट स्कूल में दे रहे सेवाएं

सुनील कुमार मौजूदा समय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरगट में बतौर रसायन प्रवक्ता सेवाएं दे रहे हैं। सुनील कुमार पहले टीजीटी मेडिकल के पद पर नियुक्त हुए थे। वर्ष 2016 में पदोन्नत होकर रसायन विषय के प्रवक्ता बने हैं।

सुनील ने विज्ञान विषय से संबंधित प्रतियोगिताओं में स्कूल के 65 विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय जबकि दस से अधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्पर्धाओं तक पहुंचाया। वहीं उनके मार्गदर्शन में एक छात्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया है।

ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में भी सुनील बच्चों को ऑनलाइन माध्यम पढ़ाते हैं। उनका यू-टव्यूब पर एक चैनल भी है, जिससे छात्रों को काफी मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें- 'कंगना रनौत ने किसानों का किया अपमान किया' सीएम सुक्खू बोले- सोच-समझकर करनी चाहिए टिप्पणी