Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Assembly Election 2022: यहां चाचा-भतीजा में मुकाबला, एक ही गांव से तीन प्रत्‍याशी मैदान में

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 जिला चंबा का भरमौर एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां के एक गांव से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तहत आती ग्राम पंचायत सचुईं के गांव सचुईं से संबंध रखते हैं।

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar SharmaUpdated: Sun, 23 Oct 2022 11:05 AM (IST)
Hero Image
पूर्व वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, न्यूरोसर्जन डा. जनकराज

भरमौर, मनोज ठाकुर। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, जिला चंबा के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से भरमौर एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जहां के एक गांव से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तहत आती ग्राम पंचायत सचुईं के गांव सचुईं से संबंध रखने वाले पूर्व वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी को कांग्रेस, न्यूरोसर्जन डा. जनकराज को भाजपा व प्रकाश चंद भारद्वाज को आम आदमी पार्टी (आप) ने अपना चेहरा बनाया है। वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी व न्यूरोसर्जन डा. जनकराज एक ही कुल व परिवार से संबंध रखते हैं। ठाकुर सिंह भरमौरी डा. जनकराज के चाचा हैं।

ठाकुर सिंह भरमौरी जहां लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, वहीं डा. जनकराज का चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं। न्यूरोसर्जन डा. जनकराज इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज (आइजीएमसी) में चिकित्सा अधीक्षक रह चुके हैं। उन्होंने हाल में अपने पद से इस्तीफा दिया है। वह पहली बार भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रकाश चंद भारद्वाज सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं।

तीनों प्रत्‍याशी एक ही गांव से

अब दिलचस्प बात यह है कि इन तीनों प्रत्याशियों में से कोई भी जीते, विधायक तो इसी गांव से होगा। यह गांव पहले ग्राम पंचायत भरमौर का ही भाग था। इसमें मलकौता, बाड़ी, सचुईं, गोठड़ू, पट्टी, भरमौर, गोसण, सेरी, धरकौता, गोआ, खरीआ आदि गांव शामिल थे, अब पंचायत भी सचुईं है।

सचुईं व भरमौर पंचायतें इसलिए भी हैं खास

ग्राम पंचायत सचुईं के सचुईं गांव से जहां तीन प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में उतरने से गांव चर्चा में आया है, वहीं इसी पंचायत ने एक पद्मश्री दिया है। मुसाफिर राम भारद्वाज को कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2014 में भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित किया था। यहां के लोगों को भगवान शिव का वंशज भी माना जाता है। मणिमहेश यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालुओं को इनकी अनुमति लेनी पड़ती है। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तुलसी राम शर्मा व विधायक जिया लाल कपूर भरमौर पंचायत से संबंध रखते हैं।

यह भी पढ़ें:

Himachal Election 2022: महंगी गाड़‍ियों का शौक रखते हैं यह BJP प्रत्‍याशी, पत्‍नी के पास डेढ़ kg सोना

Himachal Election 2022: हिमाचल के सबसे बड़े जिले में भाजपा-कांग्रेस में उठे असंतोष के स्वर, 6 सीटों पर विद्रोह