Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सैलानियों को आकर्षित करेंगे चंबा के गांव

देश-विदेश के पर्यटक अब जिला चंबा के ग्रामीण क्षेत्रों में घूमने के साथ

By JagranEdited By: Updated: Sun, 21 Nov 2021 07:48 PM (IST)
Hero Image
सैलानियों को आकर्षित करेंगे चंबा के गांव

संवाद सहयोगी, चंबा : देश-विदेश के पर्यटक अब जिला चंबा के ग्रामीण क्षेत्रों में घूमने के साथ वहां की संस्कृति और खानपान का लुत्फ उठाएंगे। 'चलो चंबा अभियान' के तहत नाट आन मैप एवं फाइट फार राइट संस्था की ओर से जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यशाला लगाई गई। इसमें जिले के मुख्य स्थानों के अलावा गांवों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा से आए लोगों को ग्रामीण संस्कृति से रूबरू करवाया गया। इस दौरान लोगों ने ग्रामीणों के साथ अपने विचार सांझा किए। साथ ही गांवों के रहन-सहन के बारे में भी बताया गया।

शनिवार को चंबा कालेज में हिमालयन टूरिज्म एंड कल्चर संस्टेनेबल डेवलपमेंट पर राष्ट्रीय तीसरा सेमिनार करवाया गया। इसमें उक्त तीनों राज्यों से आए लोगों सहित कालेज के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इसमें जिला पर्यटन अधिकारी विजय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इसमें जिला में पर्यटन की संभावनाओं व जनसहभागिता पर बल दिया गया। लोगों को बताया गया कि देश में पहली बार बिजली कोलकाता में आई थी। जबकि दूसरी जगह बिजली का उत्पादन चंबा में किया गया था। यहां की संस्कृति, संगीत, पहनावे तथा खानपान का अलग महत्व है। चंबा चप्पल को हाल ही में जीआइ टैग मिल चुका है। इस तरह की कई महत्वपूर्ण जानकारियां चंबा जिला में हासिल की जा सकती हैं। चंबा को अचंभा भी कहा जाता है। यहां के रहन-सहन व खानपान में भले ही कई विभिन्नताएं हों, लेकिन एकता की मिसाल देखने को मिलती है। चंबा ने देश को तीन पद्मश्री और 10 से अधिक राष्ट्रीय अवार्डी दिए हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी विजय कुमार तथा नाट आन मैप संस्था के संस्थापक मनुज शर्मा ने भी लोगों को जिला के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, राइट फार फाइट संस्था के अध्यक्ष दलवीर सिंह ने पर्यटन को बढ़ावा देने पर विचार सांझा किए। आवाम संस्था के संयोजक उत्तम सूर्यवंशी ने कविता व गीत से चंबा की संस्कृति से रूबरू करवाया। अध्यापक युद्धवीर टंडन, भूरी सिंह संग्रहालय के प्रभारी सुरिद्र ठाकुर तथा जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने भी चंबा की संस्कृति के बारे में जानकारी दी। सेवा हिमालय संस्था के समन्वयक विकास कुमार ने भी जिले की संस्कृति के बारे में बताया।

रविवार को अंतिम दिन लोगों को योग करवाया गया और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर फाइट फार राइट के अध्यक्ष दलवीर सिंह व सचिव वसीम अंसारी, कल्याणकारी संस्था की अध्यक्ष उर्मिला, सबका स्कूल फाउंडेशन की ट्रस्टी सविता, जिला अधिकारी समाज कल्याण विभाग मनोज कुमार चंद्रा तथा महिला बाल विकास सुरक्षा एवं शिक्षा समिति की अध्ययक्ष फहमीदा मौजूद रहे। ---------

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान लोगों को जिला चंबा की संस्कृति से रूबरू करवाने का प्रयास किया गया है। संस्था जिम्मेदार पर्यटन, लिव लाइक लोकल तथा ट्रैवल टू इंपेक्ट को बढ़ावा दे रही है।

मनुज शर्मा, संस्थापक नाट आन मैप। नाट आन मैप और राइट फार फाइट संस्थाओं के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में पर्यटन को लेकर न केवल चर्चा की गई, बल्कि महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं।

विजय कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी चंबा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर