Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Pradesh: जहां सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता चलाते थे गाड़ी, वहां से बेटा चलाएगा हिमाचल सरकार

हिमाचल प्रदेश सचिवालय से सुखविंदर सिंह सुक्खू का बहुत पुराना रिश्ता है। एक समय था जब सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता सचिवालय में गाड़ी चलाया करते थे और एक आज का समय है जब सुक्खू उसी सचिवालय से प्रदेश की सरकार चलाएगी।

By Jagran NewsEdited By: Devshanker ChovdharyUpdated: Sat, 10 Dec 2022 09:12 PM (IST)
Hero Image
जहां सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता चलाते थे गाड़ी, वहां से बेटा चलाएगा हिमाचल सरकार।

मनोज शर्मा,धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम के रूप में चुना गया। इसके साथ ही राज्य में पहली बार डिप्टी सीएम के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को नामित किया गया। हिमाचल प्रदेश सचिवालय से सुखविंदर सिंह सुक्खू का बहुत पुराना रिश्ता है। एक समय था जब सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता सचिवालय में गाड़ी चलाया करते थे, और एक आज का समय है, जब सुक्खू उसी सचिवालय से प्रदेश की सरकार चलाएगी।

सुक्खू के पिता सचिवालय में थे ड्राइवर

बता दें कि जिस सचिवालय में कभी रसील सिंह चालक हुआ करते थे, उसी प्रदेश सचिवालय में बैठकर उनका बेटा सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की सत्ता की गाड़ी चलाएगा। सुक्खू के पिता हिमाचल प्रदेश सचिवालय में चालक के पद पर तैनात हुए थे। उस दौरान हिमाचल पंजाब का हिस्सा हुआ करता था। सचिवालय में बतौर चालक उनका व्यवहार बेहतर होने के कारण बाद में उन्हें एक अफसर हिमाचल पथ परिवहन निगम में ले आए, और यहीं से रसील सिंह सेवानृवित्त हुए थे।

सीएम चुनने में करनी पड़ी भारी मशक्कत

बता दें कि विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मुख्यमंत्री चेहरा चुनने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व बंद कमरों में बैठकें कर रहा था तो बाहर नेताओं के समर्थक नारेबाजी करते रहे। पार्टी में एक गुट चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा गुट पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी लोकसभा सदस्य और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने पर अड़ा रहा। सुक्खू और राजपरिवार के लड़ाई लंबे समय से चल रही है, जो आज भी सीएम पद के लिए चलती रही।

सुक्खू ने पार्टी नेतृत्व को दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद, सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। सुक्खू ने कहा, 'मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।' उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है। डिप्टी सीएम के रूप में चुने गए मुकेश अग्निहोत्री और हम एक टीम के रूप में काम करेंगे।'

ये भी पढ़ें: गरीब परिवार में जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के नए मुख्यमंत्री, जानें कैसे रखा राजनीति में कदम

ये भी पढ़ें: हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी CM; कल होगा शपथ ग्रहण

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें