Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal: अनुराग ठाकुर ने किया स्वच्छ भारत 3.0 का शुभारंभ, बोले- इस जन आंदोलन से जुड़ें युवा

अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक देश के सभी जिलों में नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से स्वच्छ भारत 3.0 अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बोले कि इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी लोगों से इस अभियान में जुड़ने और स्वच्छता के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।

By Jagran NewsEdited By: Jeet KumarUpdated: Sun, 01 Oct 2023 04:28 PM (IST)
Hero Image
अनुराग ठाकुर ने स्वच्छ भारत 3.0 का शुभारंभ किया, लोगों से जुड़ने का आह्वान किया

जागरण संवाददाता, हमीरपुर: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार सुबह दियोटसिद्ध में स्वच्छ भारत 3.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस और अन्य संस्थाओं एवं संगठनों के युवा स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक देश के सभी जिलों में नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से स्वच्छ भारत 3.0 अभियान चलाया जाएगा।

आगे बोले कि इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी लोगों से इस अभियान में जुड़ने और स्वच्छता के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें-  कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता का बीजेपी पर निशाना, विधानसभा का घेराव बताया बचने की नीति

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित लोगों को सप्ताह में कम से कम दो घंटे और साल में 100 घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करने की शपथ भी दिलाई और जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाई।

अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र की राज्य निदेशक ईरा प्रभात ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा स्वच्छ भारत 3.0 अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस स्वयंसेवियों और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सनातन है, था और रहेगा : अनुराग

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दियोटसिद्ध में शौर्य जागरण यात्रा के दौरान सनातन के विरुद्ध की जा रही बयानबाजी को लेकर कहा कि विपक्ष के नेता सनातन को खत्म करने की बात कर रहे हैं, लेकिन सनातन है, था और रहेगा। उन्होंने अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। रविवार को श्री बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध से शौर्य जागरण यात्रा शुरू हुई। यात्रा पांच दिन चलेगी।

यात्रा में बाबा बालक नाथ मंदिर के महंत राजेंद्र गिरी महाराज व विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज राणा भी शामिल हुए। यात्रा का समापन दंगड़ी के गोड़िया मंदिर में होगा। यात्रा का आयोजन विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल कर रहे हैं। अयोध्या में अगले वर्ष श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें युवाओं को धर्म व संस्कृति के प्रति जागरूक किया जाएगा।