Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: 'चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच, एक जून को जरूर डालें वोट...'; CM की हिमाचल जनता से अपील

Himachal Lok Sabha Election 2024 हिमाचल के सीएम सुक्‍खू ने लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्यौहार है और इस पर्व में सभी की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। चुनाव में एक-एक वोट की मती है। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव साधारण नहीं है क्योंकि इस बार चुनाव बिकाऊ और टिकाऊ के बीच है।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Updated: Fri, 31 May 2024 06:11 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: CM की हिमाचल जनता से अपील

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। Lok Sabha Election 2024: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से एक जून को अपना मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि इस बार चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्यौहार है और इस पर्व में सभी की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है।

चुनाव में एक-एक वोट कीमती है। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव साधारण चुनाव नहीं है क्योंकि इस बार चुनाव बिकाऊ और टिकाऊ के बीच है। जिन लोगों ने वोट को धनबल से खरीदने का प्रयास किया है, यह समय उन्हें सबक सिखाने का है।

प्रदेश के हर सुख-दुख में साथ रही कांग्रेस: सुक्‍खू

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता के साथ हर सुख-दुख में रही। आपदा में कांग्रेस सरकार ने 4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज दिया और आपदा प्रभावित 22 हजार परिवारों का फिर से बसाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को पेंशन प्रदान की। सवा साल के कार्यकाल में सात प्रतिशत महंगाई भत्ता और पुलिस कर्मियों की डाइट मनी बढ़ाकर 1000 रुपए की। इसके साथ-साथ पेंशनर्स के एरियर को भी क्लीयर किया जा रहा है।

अन्य वर्गों के कल्याण के लिए भी बनाई गई योजनाएं: सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारी वर्ग के साथ अन्य वर्गों के कल्याण के लिए भी योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए पेंशन देने की योजना शुरू की, हालांकि भाजपा ने इसमें रुकावटें पैदा की।

य‍ह भी पढ़ें: Lok Sabha Election: ऊबड़-खाबड़ पहाड़... कंटीले रास्ते, पर नहीं रुके पोलिंग टीम के कदम; 15 KM चलकर पहुंचे मतदान केंद्र

इसके साथ-साथ राज्य सरकार ने लंबित राजस्व मामलों का निपटारा प्राथमिकता पर किया और प्रदेश में राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से इंतकाल के एक लाख से अधिक और तकसीम के लगभग आठ हजार मामलों का निपटारा कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

बढ़ाई गई मनरेगा की दिहाड़ी: सीएम सुक्‍खू

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मनरेगा की दिहाड़ी 60 रुपए बढ़ाकर 300 रुपए की। इसके अतिरिक्त विधवाओं के 27 वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क पढ़ाई और विधवाओं को घर बनाने के लिए तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता जैसे प्रावधान किए हैं।

प्रदेश के 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपना कर उनके भरण-पोषण और पढ़ाई की जिम्मेदारी कानूनी रूप से राज्य सरकार की जिम्मेदारी बनाया है। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को कांग्रेस सरकार 25 लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध करवा रही है।

साढ़े तीन साल का कार्यकाल अभी बाकी: मुख्‍यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सेब और आम का समर्थन मूल्य ऐतिहासिक 1.50 रुपए बढ़ाकर 12 रुपए किया। पहली बार किलो के हिसाब से सेब की खरीद सुनिश्चित की और इस सेब सीजन में बिक्री यूनिवर्सल कार्टन में होगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में मतदान को लेकर सतर्कता... वोटिंग के बाद शराब-पैसा बांटने वालों पर पैनी नजर, अंतरराज्यीय सीमाओं पर लगे CCTV

उन्होंने कहा कि देश में पहली बार दूध को समर्थन मूल्य दिया गया और प्रदेश में गाय का दूध 45 रुपए तथा भैंस का दूध 55 रुपए के रेट पर खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई है। कांग्रेस सरकार का साढ़े तीन साल का कार्यकाल अभी बाकी है और हम अपना एक-एक दिन जनसेवा के लिए समर्पित करें।