Move to Jagran APP

Gopalpur Zoo: दो माह बाद आज से पर्यटकों के लिए खुल गया गोपालपुर चिड़ियाघर

Gopalpur Zoo करीब दो माह बाद गोपालपुर चिड़ियाघर सोमवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। वन्य प्राणी विभाग ने सशर्त चिड़ियाघर खोलने का निर्णय लिया है। चिड़ियाघर में आने वालों को मुख्य गेट पर थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

By Edited By: Updated: Mon, 05 Jul 2021 10:50 AM (IST)
Hero Image
करीब दो माह बाद गोपालपुर चिड़ियाघर सोमवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।
नगरी, संवाद सूत्र। करीब दो माह बाद गोपालपुर चिड़ियाघर सोमवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। वन्य प्राणी विभाग ने सशर्त चिड़ियाघर खोलने का निर्णय लिया है। चिड़ियाघर में आने वालों को मुख्य गेट पर थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। यदि कोई बिना मास्क अंदर घूमता हुआ पाया जाता है तो उसे जुर्माना किया जाएगा। पर्यटकों को चिड़ियाघर के अंदर कोविड-19 के नियमों का पालन करना होगा। वन्य प्राणियों से लगाव रखने वाले पर्यटकों का इंतजार अब खत्म हो गया है। पिछले दो माह से चिड़ियाघर बंद था और कोरोना क‌र्फ्यू में ढील के बाद लगातार भारी तादाद में पर्यटक मुख्य द्वार से निराश होकर लौट रहे थे।

चिड़ियाघर में मुख्य आकर्षण बब्बर शेर का जोड़ा हेमल एवं अकीरा और उनके दो शावक धीरा एवं वीरा हैं। वर्ष 2020 में भी चिड़ियाघर मार्च से नवंबर तक बंद रहा था। इस दौरान 22 नवंबर, 2020 को अकीरा ने दो शावकों को जन्म दिया था, तबसे इन्हें अंदर ही रखा जा रहा था और अब पर्यटक पहली बार इन शावकों को बाड़े में देख सकेंगे। इनके अलावा तेंदुआ, एशियाई काला भालू, पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां व हिरणों की प्रजातियां भी यहां का आकर्षण हैं।

चिड़ियाघर बंद होने से प्रशासन को आर्थिक हानि भी हुई है। करीब 40 से 45 लाख रुपये की कमाई चिड़ियाघर को टिकट ¨वडो के माध्यम से सालाना होती थी। साथ ही चिड़ियाघर बंद होने से स्थानीय दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ रहा था। स्थानीय दुकानदार तनु मेहरा ने कहा कि चिड़ियाघर का खुलना बेहद सुखद है। कोरोना की वजह से कमाई बिलकुल बंद थी। अब चिड़ियाघर के खुलने से अच्छी कमाई की उम्मीद जगी है।

उधर, वन मंडल अधिकारी वन्य प्राणी मंडल हमीरपुर राहुल एम. रोहाणे ने कहा कि सोमवार से चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। चिड़ियाघर प्रत्येक रविवार व राष्ट्रीय अवकाश पर बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि गर्मियों में सुबह से सायं छह बजे तक और सर्दियों में सुबह नौ से सायं पांच बजे तक चिड़ियाघर खुला रहेगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।