Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

देहरा में ब्‍यास नदी में डूबे दो युवक, एक दोस्‍तों संग जन्‍मदिन की पार्टी मनाने आया था, NDRF ने शुरू की तलाश

Youth Drowned In Vyas River जिला कांगड़ा के देहरा में ब्यास नदी में नहाने उतरे दो लड़के लापता हो गए। एक लड़का पांच अन्य दोस्तों के साथ जन्मतिथि की पार्टी मनाने आया था जबकि दूसरा बुधवार सुबह से घर से लापता था।

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar SharmaUpdated: Thu, 06 Oct 2022 09:47 AM (IST)
Hero Image
जिला कांगड़ा के देहरा में ब्यास नदी में नहाने उतरे दो लड़के लापता हो गए।

देहरा, संवाद सहयोगी। Youth Drowned In Vyas River, जिला कांगड़ा के देहरा में ब्यास नदी में नहाने उतरे दो लड़के लापता हो गए। एक लड़का पांच अन्य दोस्तों के साथ जन्मतिथि की पार्टी मनाने आया था जबकि दूसरा बुधवार सुबह से घर से लापता था। नदी किनारे कपड़े मिलने पर उसके ब्यास में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम देर शाम तक तलाश में जुटी रही, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया। माना जा रहा है कि दोनों डूब चुके हैं। वीरवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू कर दी है।

नैहरन पुखर और आसपास के इलाके के छह लड़के बुधवार बाद दोपहर किसी साथी की जन्मतिथि की पार्टी मनाने ब्यास किनारे आए थे। बताया जा रहा है कि इनमें से चार नदी में नहाने उतर गए। बरसात का मौसम होने की वजह से इन दिनों ब्यास में कई फीट गहरा पानी है। नहाते समय राहुल डूबने लगा। बाकी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी के अंदर चला गया। इसके बाद घबराहट में पांचों वहां से अपनी मोटरसाइकिल पर नैहरन पुखर स्थित राहुल के घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी।

राहुल के पिता विजय कुमार कबाड़ का काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने सूचना दी तो पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तलाश शुरू की। इस बीच कुछ दूरी पर नदी किनारे कपड़े और जूते नजर आए। इससे पुलिस को आशंका हुई कि कोई और भी लापता है। जांच में पता चला कि देहरा बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान चलाने वाले विजय का छोटा बेटा साहिल सुबह से लापता है। परिवार वाले वहां पहुंचे तो बताया कि ये कपड़े उनके बेटे के हैं। बताया जा रहा है कि साहिल मानसिक रोगी है। पठानकोट के एक निजी अस्पताल से उसका कई साल से इलाज चल रहा है। देहरा के डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि वीरवार को फिर से अभियान चलाया जाएगा।

एनडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान

एसडीएम देहरा संकल्‍प गौतम ने कहा घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। एनडीआरएफ को सूचना दे दी है। वीरवार सुबह फिर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

अब तक डूबने से हुई मौत

  • 2017 में कृष्ण चंद निवासी नादौन की कालेश्वर में ब्यास में डूबने से मौत हो गई थी। हादसा 21 अप्रैल, 2017 को हुआ था। इसी साल तीन मई को रोहित गुलेरिया निवासी भरवाई जिला ऊना की मौत भी कालेश्वर में डूबने से हुई थी।
  • 2018 में सागर निवासी गांव चलाड़ा जिला होशियारपुर की कालेश्वर में डूबने से मौत।
  • 2019 में अश्वनी कुमार निवासी निहारी की कालेश्वर के साथ लगते चामुखा में नहाते समय डूबने से मौत। इसी साल सत्या देवी और पवना देवी की मौत। दोनों चौली व सेहरी गांव से थीं।
  • 2020 में अमित कुमार, निवासी गांव बदलोह और केवल कृष्ण गांव चमेटी की भी इसी इलाके में बने कुएं में डूबने से मौत।
  • 27 अगस्त, 2021 को फगवाड़ा के साहिल की नदी में डूबने से मौत।
  • आठ अक्टूबर, 2021 को परागपुर के नजदीकी गांव लग ठाकरां के सुरेश की डूबने से मौत।
  • 31 अक्टूबर, 2021 को स्कूल से बंक मारकर ब्यास में नहाने पहुंचे गरली इलाके के दो लड़कों की डूबने से मौत।
  • 20 अप्रैल, 2022 में बैसाखी के बाद कालेश्वर महादेव के साथ लगती ब्यास नदी में नहाने उतरे सिहोरपाईं इलाके के दो युवक डूबे।
  • इसी साल 26 मई को नादौन के साथ लगते भड़ोली में चंबा जिले के होली निवासी युवक की डूबने से मौत।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather: हिमाचल में आज से करवट बदलेगा मौसम, तीन दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना, तापमान लुढ़का

यह भी पढ़ें: PM Himachal Visit: कुल्‍लू दशहरा में पीएम को देखने के लिए मची होड़, ग्रिल टूटने से बच्‍ची घायल, मोदी ने पूछा हाल