Move to Jagran APP

Virbhadra Singh Passed Away: दो दिन बाद रामपुर बुशहर में होगा वीरभद्र सिंह का अंतिम संस्‍कार, कल रिज पर कर सकेंगे दर्शन

Virbhadra Singh Passed Away वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर आज होली लॉज में जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल 9 बजे से 12 बजे शिमला के ऐतिहासिक मैदान रिज 12 बजे से 1 बजे तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Updated: Thu, 08 Jul 2021 02:57 PM (IST)
Hero Image
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्‍यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का आज सुबह निधन हो गया है।
शिमला, जेएनएन। Virbhadra Singh Passed Away, हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्‍यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का आज सुबह 3:40 बजे आइजीएमसी शिमला में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे। दो बार कोरोना संक्रमण को मात देने के बाद भी लगातार अस्‍पताल में उपचाराधीन थे व दो दिन से वेंटीलेटर पर थे। वीरभद्र सिंह ने आईजीएमसी अस्‍पताल शिमला में अंतिम सांस ली। पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत कोरोना से ठीक होने के बाद और बिगड़ी थी और उपचार के लिए आइजीएमसी में भर्ती करवाया गया था। हाल ही में वह 87 वर्ष के हुए थे। पूर्व मुख्‍यमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके निजी आवास होली लाज लाया गया। हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्‍य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर आज प्रदेश भर में अवकाश की घोषणा कर दी गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर आज होली लॉज में जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल 9 बजे से 12 बजे शिमला के ऐतिहासिक मैदान रिज, 12 बजे से 1 बजे तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। एक बजे रामपुर बुशहर के लिए जाया जाएगा। 10 जुलाई को रामपुर में पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

वहीं, प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर होली लाज पहुंचे हैं। उनके साथ शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज भी पहुंचे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी होली लॉज में वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित कर, श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्‍यों के प्रति संवेदना प्रकट की। सरकार के अन्‍य मंत्री व विधायक भी छह बार मुख्‍यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। 

कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर दुख जताया है। पूर्व पशुपालन मंत्री हर्ष वर्धन चौहान भी होली लॉज पहुंचे। उन्‍होंने कहा पीढ़ी के नेता आज लुप्‍त हो गए। पूरे प्रदेश को नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती।

कांग्रेस सहित भारतीय जनता पार्टी ने भी दस जुलाई तक अपने सभी कार्यक्रम स्‍थगित कर दिए हैं। महामंत्री त्रिलोक जम्‍वाल ने कहा पार्टी की कोई भी बैठक दस जुलाई तक आयोजित नहीं की जाएगी।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने टवीट कर लिखा कि वीरभद्र सिंह ने अपने अपनेे राजनीतिक सफर में अनुभव से हिमाचल प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है। उनके निधन से दुख हुआ है, भगवान दिवंगत आत्‍मा को शांति प्रदान करे।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया है। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि वीरभद्र सिंह के निधन का दुखद समाचार मिला, ईश्‍वर दिवंगत आत्‍मा को शांति प्रदान करे। उनके परिवार के सदस्‍यों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्‍यकत की।

यह भी पढ़ें: Virbhadra Singh: जानिए कौन थे वीरभद्र सिंह, 60 वर्ष के राजनीतिक सफर में 14 बार लड़ा चुनाव, छह बार रहे सीएम

आईजीएमसी में वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को स्पेशल वार्ड से उठाकर निचली मंजिल पर रखा गया है। पार्थिव शरीर को यहां से उनके निवास स्थान होली लॉज लाया गया। आइजीएमसी में कई कांग्रेसी नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया। पार्थिव शरीर की इवाल्विंग करने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें: Virbhadra Singh: हिस्‍ट्री के प्रोफेसर बनना चाहते थे वीरभद्र सिंह, जानिए किसकी वजह से आए राजनीति में

वीरभद्र सिंह की बेटी अपराजिता आईजीएमसी अस्‍पताल के बाहर पहुंची

उपचुनाव को लेकर बैठक स्‍थगित

मंडी में आज होने वाली कांग्रेस पार्टी की बैठक रद कर दी गई है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत पार्टी के कई बड़े नेता शिरकत करने वाले थे। मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर यह बैठक रखी गई थी।

जयराम ठाकुर बोले, वीरभद्र सिंह का हिमाचल के विकास में अनुकरणीय योगदान

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा देवभूमि हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे हिमाचल के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन का समाचार हम सबके के लिए बेहद दुःख देने वाला है। हिमाचल के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं होगी। हिमाचल के विकास में उनका योगदान अनुकरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: Political Reactions on Virbhadra Singh: बाली बोले, राजनीति के वटवृक्ष नहीं रहे, सुक्‍खू व अग्निहोत्री ने दी श्रद्धांजलि

यह भी पढ़ें: Virbhadra Singh: हिमाचल में राजनीति के युग का अंत, 1962 में लड़ा था पहला चुनाव, जानिए

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।