Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Weather: हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, नौ जिलों में बारिश का अलर्ट, यहां माइनस 4 डिग्री तापमान

Himachal Weather Update Today हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फ‍िर करवट बदल ली है। अधिकतर इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों ने आज नौ जिलों में आंधी चलने बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar SharmaUpdated: Wed, 09 Nov 2022 10:15 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं।

शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather Update Today, हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फ‍िर करवट बदल ली है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों ने आज बुधवार को लाहुल स्पीति, किन्नौर व ऊना को छोड़ बाकी नौ जिलों में आंधी चलने, बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व मैदानी इलाकों में वर्षा हो सकती है। इसके कारण अधिकतम के साथ न्यूनतम में गिरावट आएगी।

केलंग में तापमान जमाव बिंदु से चार डिग्री नीचे

मंगलवार को दिनभर बादल और धूप की लुका छिपी के बीच शाम को चोटियों पर हिमपात हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 12 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण न्यूनतम तापमान में एक से 3.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। केलंग में तापमान जमाव बिंदु से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। मंगलवार को रामपुर में चार मिलीमीटर वर्षा हुई।

तांदी-संसारी मार्ग तीन दिन बाद बहाल, रोहतांग पर्यटकों के लिए बहाल

तांदी संसारी मार्ग तीन दिन बाद बहाल हो गया है। यह मार्ग शानिवार को भूस्खलन के चलते बंद हो गया था। मार्ग बहाल होने से तिंदी व किलाड़ के लोगों को राहत मिल गई है। शिंकुला व बारालाचा दर्रा मंगलवार को भी पर्यटकों के लिए बंद रहा। पर्यटकों ने रोहतांग दर्रे में बर्फ के दीदार किए। पिछले कुछ दिन से कुल्लू व लाहुल स्पीति के उंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। इस कारण दर्रों में ठंड बढ़ गई है। लाहुल स्पीति प्रशासन ने हालात को देखते हुए मंगलवार को भी शिंकुला व बारालाचा दर्रा पर्यटकों के लिए बंद रखा। हालांकि दिन भर मनाली व लाहुल में धूप खिली रही, लेकिन शाम को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है।

कोकसर में बढ़ी पर्यटकों की चहलकदमी

बारालाचा व शिंकुला के बंद होने से कोकसर पर्यटन स्थल में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है। कोकसर के व्यवसायी रतन व दीपक ने बताया कि मंगलवार को तीन सौ से अधिक पर्यटक वाहनों ने कोकसर में दस्तक दी। उपायुक्त लाहुल स्पीति सुमित खिमटा ने बताया कि मौसम हालात सामान्य होने पर ही पर्यटकों को बारालाचा व कुंजम जाने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को दारचा तक ही जाने की अनुमति रहेगी।

कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)

  • स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 9.9, 18.8
  • सुंदरनगर, 7.1, 27.2
  • भुंतर, 5.0, 25.0
  • कल्पा, 1.0, 17.2
  • धर्मशाला, 13.4, 26.4
  • ऊना, 12.2, 29.6
  • नाहन, 14.9, 24.1
  • केलंग, -4.0, 9.6
  • सोलन, 8.2, 24.0
आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर