Move to Jagran APP

त्रिलोकपुर में सड़क धंसी, यातायात ठप, प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था

पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 त्रिलोकपुर से सोमवार सुबह एक लोडेड टिप्पर गुजर रहा था की अचानक सड़क धंस गयी।

By BabitaEdited By: Updated: Tue, 04 Sep 2018 08:58 AM (IST)
Hero Image
त्रिलोकपुर में सड़क धंसी, यातायात ठप, प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था

कोटला, जेएनएन। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 त्रिलोकपुर में सड़क धंसने से बंद हो गया है और वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से ठप हो गई है। सोमवार सुबह पांच बजे एक लोडेड टिप्पर यहां से गुजर रहा था कि अचानक सड़क धंसनी शुरू हो गई। इस बाबत पता चलते ही चालक ने कूदकर जान बचाई। इसके बाद सड़क पूर्ण रूप से धंस गई और ट्रक बराल खड्ड में जा पहुंचा। इस दौरान एनएच के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली तो 32 मील वाया सोहलदा कोटला मार्ग से वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की।

हालांकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पहाड़ी काटकर नई सड़क बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक मार्ग बनाने का कार्य जारी था। पहाड़ी काटकर नई सड़क बनाने में बाधा यह उत्पन्न हो रही है कि जितना मलबा हटाया जा रहा है, उतना ही पहाड़ी से गिर रहा है। हालांकि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे दो खोखों को प्रशासन ने हटवा दिया है। खोखे रमन कुमार व पुरुषोत्तम के थे।

वैकल्पिक मार्ग भी हुआ जाम वैकल्पिक मार्ग 32 मील वाया सोहलदा कोटला रोड पर भी जाम लग रहा है। यह मार्ग इतना बड़ा नहीं है कि दोनों ओर से आने वाले बड़े वाहन आमने-सामने क्रॉस हो सकें।  सोहलदा के समीप पास देते समय सेना का वाहन फंस गया और एक घंटे तक जाम लगा गया और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना

एनएच के बंद होने से स्थानीय गांवों के लोग भी परेशान रहे तो यात्री भी अदला-बदली पर ही निर्भर रहे। हालांकि वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तो थी, लेकिन यहां भी घंटों जाम से यात्रियों को खासी परेशानियां हुई।

बड़े वाहनों के लिए यह है व्यवस्था

लंबे रूटों के वाहनों के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था की है। कांगड़ा की ओर से पठानकोट जाने वाले वाहन सन्नौरां वाया लंज कुठेड़-कैहरियां से निकलकर जसूर पहुंचेंगे। शिमला से पठानकोट के लिए आने वाले वाहन रानीताल के रसूह चौक से होकर आगे इसी रूट में दौड़ेंगे। पठानकोट से वापसी के लिए भी उपरोक्त मार्ग का ही इस्तेमाल किया जाएगा।

गोहजू में कच्चा मकान ध्वस्त

मूसलधार बारिश से गोहजू गांव में कच्चा मकान गिर गया है। मकान सलोचना देवी पत्नी स्वर्गीय प्रीतम चंद का था। पीड़ित परिवार को 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे पटवारी जितेन्द्र ने कहा कि नुकसान का अनुमान लगाकर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी। उधर, पंचायत प्रधान कुशल कुमार व वार्ड सदस्य हरनाम सिंह ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। यातायात बहाली के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। इसके अलावा नया मार्ग बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। खड्ड में क्रेटवाल लगाकर सड़क बनाई जाएगी और इसमें कुछ समय लगेगा।

वैभव पांडे, यंग प्रोफेशनल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।