Move to Jagran APP

Manimahesh Yatra: संचुई के शिव चेलों ने तोड़ा डल, 40 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

उत्तर भारत की प्रसिद्ध एवं पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान शुक्रवार को संचुई के शिव चेलों ने डल तोडऩे की रस्म अदा की। अब शनिवार को राधाष्टमी का न्हौण शुरू होगा। चंबा जिले के भरमौर स्थित हड़सर से करीब 13 किलोमीटर दूर चोटी पर मणिमहेश झील है।

By Manoj KumarEdited By: Updated: Fri, 02 Sep 2022 08:10 PM (IST)
Hero Image
संचुई के शिव चेलों ने तोड़ा डल, 40 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

भरमौर, संवाद सहयोगी। उत्तर भारत की प्रसिद्ध एवं पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान शुक्रवार को संचुई के शिव चेलों ने डल तोडऩे की रस्म अदा की। (झील को आर-पार करने को डल तोडऩा कहते हैैं) इसके बाद करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इसके साथ ही सप्तमी का स्नान संपन्न हो गया है। अब शनिवार को राधाष्टमी का न्हौण शुरू होगा। चंबा जिले के भरमौर स्थित हड़सर से करीब 13 किलोमीटर दूर चोटी पर मणिमहेश झील है। झील के सामने कैलाश पर्वत पर पवित्र मणि के दर्शन होते हैैं। यहां झील में स्नान करने के साथ ही भगवान भोले के दर्शन करने आते हैैं। हर साल यह यात्रा श्री कृष्ण जन्माष्टमी से राधाष्टमी तक चलती है।

भरमौर के प्रसिद्ध ज्योतिष पंडित ईश्वर दत्त शर्मा के अनुसार इस वर्ष राधाष्टमी पर्व तीन सितंबर दोपहर 12:31 बजे आरंभ होगा, जो कि चार सितंबर सुबह 10:41 बजे तक जारी रहेगा। इस अवधि में मणिमहेश स्नान पूर्ण फलदायी है। राधाष्टमी पर्व के दौरान हर प्रकार के अनुष्ठान, मुंडन, वैवाहिक आयोजन व अन्य कार्यों का फल शुभ रहता है।

गौरतलब है कि वीरवार को संचुई के शिव चेलों ने चौरासी मंदिर से मणिमहेश के लिए यात्रा शुरू की थी। जो कि शुक्रवार को मणिमहेश पहुंचे तथा सभी रस्में अदा करते हुए मणिमहेश झील को पार किया। भगवान शिव के वरदान के अनुसार मान्यता है कि माणिमहेश यात्रा की सफलता के लिए यात्रा से पूर्व शिव चेलों से अनुमति लेना आवश्यक है। अन्यथा किसी अनहोनी की संभावना बनी रहती है। संचुई के शिव चेले अपने गांव स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद चौरासी मंदिर की परिक्रमा व पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं को परंपरा अनुसार यात्रा की अनुमति देते हैं। यह परंपरा काफी समय से चली आ रही है, जिसका विधिवत पालन किया जाता है।

प्रंघाला में 25 हजार श्रद्धालु हुए पंजीकृत

प्रशासन की ओर से प्रंघाला में पंजीकरण के लिए लगाए गए शिविर में शुक्रवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं का पंजीकरण हुआ। जबकि, मणिमहेश यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु पंजीकृत हो चुके हैं। यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है तथा शनिवार से राधाष्टमी का न्हौण शुरू होने वाला है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से तैनात किए गए कर्मचारियों द्वारा भी मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है।

मणिमहेश यात्रा के अंतिम पड़ाव के मद्देनजर प्रशासन की ओर से मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हेली टैक्सी सेवा भी निरंतर श्रद्धालुओं को मिल रही है, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिल रही है।

असीम सूद, एसडीएम भरमौर

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें