Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: 'केजरीवाल दुनिया के सबसे बड़े झूठे', केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली सीएम पर जमकर बोला हमला

हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को दुनिया का सबसे बड़ा झूठा नेता बताया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस की बुराई करके सत्ता में आए और अब गठबंधन करने को तैयार हो गए हैं। केजरीवाल भ्रष्टाचार के दलदल में फंस गए हैं उनके कई नेता जेल में हैं।

By dinesh katoch Edited By: Deepak Saxena Updated: Sun, 25 Feb 2024 10:05 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली सीएम पर जमकर बोला हमला।

संवाद सहयोगी, देहरा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दुनिया में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाला नेता कहा है। उनके अनुसार, केजरीवाल कांग्रेस के भ्रष्टाचार का रहस्योद्घाटन कर पहली बार सत्ता में आए थे लेकिन अब वह उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। यह साबित करने के लिए काफी है कि वह सियासी वजूद बचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। अनुराग ठाकुर रविवार को कांगड़ा जिले के देहरा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

केजरीवाल ने राजनीति में न आने के लिए बेटी की खाई थी कसम

बकौल अनुराग, केजरीवाल ने बेटी की कसम खाकर कहा था कि वह कभी राजनीति में नहीं आएंगे। उन्होंने कभी कांग्रेस के साथ हाथ न मिलाने का भी संकल्प लिया था। अब वही आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गले मिलकर चल रही है। आरोप लगाया कि केजरीवाल भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुके हैं और उनके कई नेता जेल में हैं। अब उन्होंने एक और भ्रष्टाचारी पार्टी के साथ गठबंधन किया है।

ये भी पढ़ें: Manali: 'आत्मनिर्भर बनने की राह पर प्रदेश, आपदा में केंद्र से नहीं मिला सार्थक सहयोग...'; BJP पर बरसे सुक्खू

लोक हित में काम करे सुक्खू सरकार

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार को राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाय लोक हित में कार्य करना चाहिए। किसान आंदोलन के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार हमेशा किसानों की हितैषी रही है। मोदी सरकार ने किसानों के लिए जो काम किया है वह आज तक कोई सरकार नहीं कर पाई है। आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज में किसान खाद के लिए तरसते रहे, लेकिन भाजपा के शासनकाल में कभी किसी तरह की कोई कमी नहीं आई। केंद्रीय विश्वविद्यालय पर अनुराग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पैसा जमा करवाना है। यदि प्रदेश सरकार पैसा जमा करवा देती है तो शीघ्र धर्मशाला में भी सेंट्रल यूनिवर्सिटी का काम शुरू हो जाएगा।

कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात

अनुराग ठाकुर ने जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुना। इससे पहले बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं। इस मौके पर पूर्व मंत्री रमेश धवाला, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह, एचपीएमसी के पूर्व निदेशक विवेक पठानिया, डॉ. सुकृत सागर, वीरेंद्र भूरिया, नितिन ठाकुर, रणजीत गुलेरिया, शाम दुलारी व रमन शर्मा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: HP Jobs 2024: खुशखबरी! हिमाचल में सरकारी नौकरियों का दौर शुरू, राज्‍य चयन आयोग ने निकाली 162 पदों पर भर्तियां

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें