Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पहाड़ की अनूठी पंरपरा, यहां दीपावली के एक माह बाद मनाई जाती है बूढ़ी दीपावली

देशभर में जहां दीपावली पर्व धूमधाम से संपन्न हो चुका है वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां दिवाली के ठीक एक माह बाद बूढ़ी दिवाली पर्व मनाया जाता है। एक माह बाद बूढ़ी दीपावली का आयोजन हर वर्ष धूमधाम से किया जाता है।

By Jagran NewsEdited By: Richa RanaUpdated: Wed, 23 Nov 2022 03:42 PM (IST)
Hero Image
23 व 24 नवबंर को आनी व निरमंड में बूढ़ी दीपावली मनाई मनाई जाएगी।

आनी, पूजा गुप्ता। देशभर में जहां दीपावली पर्व धूमधाम से संपन्न हो चुका है वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां दीपावली के ठीक एक माह बाद बूढ़ी दिवाली पर्व मनाया जाता है। जी हां, कुल्लू ज़िला के आनी व निरमंड में दिवाली के समापन के एक माह बाद बूढ़ी दिवाली का आयोजन हर वर्ष धूमधाम से किया जाता है। यही नहीं सिरमौर जिले के शिलाई के क्षेत्र, शिमला जिले के चौपाल, जनजातीय जिला लाहुल स्पीति और सीमावर्ती उत्तराखंड में भी इस उत्सव को मनाने की पंरपरा है। आनी में यह पर्व तीन गढ़ों के देवता शमशरी महादेव के सम्मान में मनाया जाता है। दो दिवसीय इस पर्व में पुरातन संस्कृति की खूब झलक देखने को मिलती है। एक तरफ जहां प्रकाशोत्सव के प्रतीक के तौर पर जहां यहां पर दीये की जगह मशालें जाती हैं वहीं, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर पूरी घाटी झूमती है।

23 व 24 नवबंर को आनी व निरमंड में बूढ़ी दीपावली मनाई मनाई जाएगी

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के एक माह बाद इस बार 23 व 24 नवबंर को आनी व निरमंड में बूढ़ी दीपावली मनाई मनाई जाएगी। दो दिवसीय इस पर्व के अंतिम दिन तीन गढ़ों के देवता शमशरी महादेव और टौणानाग की भावपूर्ण विदाई के साथ बूढ़ी दीपावली का समापन होगा। दो दिनों के इस देव कारज में रात को देवता शमशरी महादेव की पूजा करके मशालें जलाई जाती हैं उसके बाद आनी स्थित धोगी गांव के निवासी खूब नाचते गाते हैं और फिर शमशरी महादेव के पुरोहितों द्वारा महादेव को नचाया जाता है और काऊ गीत गाए जाते हैं। बुजुर्गों के अनुसार इनको गाने से भूत पिशाच का भय नहीं रहता है। इसके अलावा सुबह के समय एक लंबा रस्सा बनाया जाता है इसे एक विशेष घास से बनाया जाता है जिसे मुंजी का घास कहा जाता है उस रस्सी के अगले सिरे मे महादेव के गुर नाचते हैं और पीछे से लगभग 2000 से लेकर 3000 के करीब लोग नाचते हैं। पूरे मन्दिर के तीन फेरे लगाए जाते हैं और उसके बाद उस रस्सी को काटा जाता है। उस रस्सी को लोग अपने अपने घर ले जाते हैं। कहा जाता है कि इसको अपने घर रखने से चूहे और सांप नही निकलते हैं।

इस उत्सव में पहले दिन जहां रात को कबीरी पंडित पंरपंरागत काऊ गीत गाते हैं

पहाड़ की दीपावली का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि जहां देशभर में दीपावली को रामायण से ही जोड़ा जाता है लेकिन यहां की दीपावली का रामायण के अलावा महाभारत से भी जुड़ाव है। आनी,निरमंड में होने वाले इस उत्सव में पहले दिन जहां रात को कबीरी पंडित पंरपंरागत काऊ गीत गाते हैं। इनमें हनुमान के गीत के अलावा हनुमान-सीता संवाद, हनुमान- विभीषण संवाद से लेकर भगवान राम के आयोध्या तक आने का पूरा विवरण पेश किया जाएगा। दूसरे दिन कौरव और पांडव के प्रतीक के तौर पर दो दल रस्साकसी करेंगे। विशेष तौर से बनाई गई मूंजी घास के रस्से से दोनों दल एक-दूसरे के साथ शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा रात को एक दल गांव में मशालों के साथ प्रवेश करता है। यही नहीं इसके बाद लगातार फरवरी माह तक लगातार दीपावली यानि दियाली मनाने का सिलसिला जारी रहेगा।

अंत में फरवरी माह में लाहुल-स्पीति में दीपावली मनाई जाएगी

सबसे अंत में फरवरी माह में लाहुल-स्पीति में दीपावली मनाई जाएगी। वहां पर भी रात को मशालें जलाई जाएंगी। बुजुर्गों के अनुसार जब भगवान राम ने लंका पर विजय का परचम लहराया था और वे 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे तो उनके अयोध्या लौटने की खुशी में लोगों ने घी के दीये जलाए थे और तब से लेकर पूरे देश में धूमधाम से दीवाली मनाई जाती है। लेकिन पहाड़ों पर भगवान राम की लंका पर विजय का पता काफी देर बाद चला था जिस कारण तब से लेकर दीवाली के एक माह बाद बूढ़ी दिवाली मनाने की परंपरा शुरू हो गई।

ये भी पढ़ें: Girl Student Suicide: कुल्लू में जिया पुल से कूद स्कूल की छात्रा ने की आत्महत्या, बैग से मिला सुसाइड नोट