Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kullu Flood: प्राकृतिक आपदा के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा कुल्लू, 55 सड़कें और 352 पेयजल योजनाएं बहाल

बारिश और बाढ़ ने हिमाचल के कुल्लू जिले में भारी तबाही मचाई है। कुल्लू में लोक निर्माण विभाग को प्राकृतिक आपदा के चलते 292 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि कुल्लू जिला अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। जिले में 55 सड़कें और 352 पेयजल योजनाओं को बहाल किया जा चुका है। इसी के साथ कुल्लू-मंडी के बीच नेशनल हाईवे को भी खोल दिया गया है।

By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaUpdated: Sat, 15 Jul 2023 10:24 PM (IST)
Hero Image
प्राकृतिक आपदा के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा कुल्लू

कुल्लू, संवाद सहयोगी। कुल्लू जिला प्राकृतिक आपदा के बाद अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। ऐसे में लोग भी राहत की सांस ले रहे हैं। जिले में अब तक 55 सड़कें जबकि 351 पेयजल योजनाएं बहाल चुकी हैं। जिलेभर में 192 सड़कें बंद हुईं थी। जबकि जल शक्ति विभाग की 648 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुईं थी। जिनको अब बहाल करना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग को जिले में 292 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

मुख्य सड़क और संपर्क मार्गों को खोलने और इन पर परिवहन सेवाएं बहाल करने के लिए लगातार कार्य जारी है। जिला प्रशासन विभिन्न परिवहन सेवाओं की बहाली के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में कुछ महत्वपूर्ण रूट परिवहन निगम की ओर से बहाल कर दिए गए हैं।

ये सड़क मार्ग हुए बहाल

हिमाचल पथ परिवहन निगम कुल्लू द्वारा कुल्लू से मनाली वाया पतलीकूहल नग्गर से होकर बस सेवा आरंभ कर दी है। यह बस कुल्लू से पतलीकूहल नग्गर पुल तक जा रही है। इस स्थान से यात्री पैदल नग्गर पुल पार कर के पुल के दूसरी तरफ माहिली नामक स्थान से मनाली तक जा सकते हैं। इन दोनों बसों के बीच के बीच सामंजस्य स्थापित कर जुड़ाव रखा गया है।

बंदरोल से मौहल मुद्रिका बस सेवा आरंभ कर दी गई है। भुंतर से गड़सा व औट मार्ग पर बस सेवा भी आरंभ कर दी गई है। इसके अलावा औट से बंजार के मध्य 30 सीटर बस के साथ ट्रायल किया गया व पाया गया कि मार्ग अभी छोटी बस के साथ संचालन के लिए उचित है। बंजार से ओट तक इस बस के साथ रूट संचालन आरंभ कर दिया है।

नेशनल हाईवे को भी खोला गया

कुल्लू मंडी के मध्य बंद एनएच अब खुल चुका है। इसके चलते साधारण बसों के साथ इस मार्ग पर परिवहन सेवा संचालन आरंभ किया जा रहा है जबकि लग्जरी बसों का संचालन अभी मंडी से ही किया जा रहा है। मार्ग अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं है। जबकि लगभग तीन दिनों के भीतर लग्जरी बसों का संचालन भी कुल्लू से आरंभ कर दिया जाएगा। अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन मार्ग खुलने के उपरांत क्रमबद रूप से आरंभ कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की लीडरशिप में विभिन्न सेवाओं की बहाली के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्यरत है। सभी विभागों को समय समय पर विभिन्न दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। आपदा प्रभावित लोगों को जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग का कहना है कि जिला कुल्लू में सभी विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं कि प्राथमिकता के आधार पर बिजली पानी, सड़कों को बहाली का कार्य करें। आपदा के बाद अब धीरे धीरे स्थित में सुधार हो रहा है। जल्द ही कुल्लू लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी।