Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Tourism: बर्फबारी के बाद पर्यटकों की बढ़ी चहल-पहल, दो दिन में मनाली पहुंचे डेढ़ हजार वाहन

मनाली में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। इस सप्ताह में डेढ़ हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं। होटलों में आक्यूपेंसी 35 से बढ़कर 45 प्रतिशत हो गई है। रोहतांग दर्रा समेत मनाली के पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ी है। दशहरा उत्सव के दौरान यहां पर्यटकों का सैलाब उमड़ने के आसार है।

By jaswant thakur Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sat, 28 Sep 2024 07:43 PM (IST)
Hero Image
Himachal Tourism: मनाली में पर्यटन ने पकड़ी रफ्तार

जागरण संवाददाता, मनाली। पहाड़ों में बीते दिनों हुई ताजा बर्फबारी के बाद मनाली का पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ने लगा है। सप्ताहांत के कारण दो दिन में मनाली में डेढ़ हजार से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। होटलों में भी आक्यूपेंसी 35 से बढ़कर 45 प्रतिशत हो गई है।

रोहतांग दर्रा समेत मनाली के पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ी है। शाम होते ही मनाली मालरोड भी पर्यटकों से गुलजार होने लगा है।शनिवार को 192 पर्यटक वाहन परमिट प्राप्त कर रोहतांग पहुंचे। रोहतांग दर्रे में लगभग हर रोज बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। इसी कारण रोहतांग दर्रा सैलानियों की पहली पसंद बन गया है।

पर्यटक रोहतांग दर्रे के दीदार कर वापसी में कोकसर होते हुए अटल टनल के भी दीदार कर रहे हैं। मनाली ग्रैंड के एमडी हैप्पी तथा स्नो वैली के एमडी विम्पी बख्शी ने बताया कि मनाली में बरसात थमने के बाद अब पर्यटकों की चहल पहल बढ़ने लगी है। उन्होंने बताया कि सप्ताहांत पर सैलानियों की पर्यटन स्थलों सहित मालरोड पर भीड़ बढ़ रही है। मनाली के होटलों में भी अब आक्यूपेंसी सप्ताहांत पर बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि गत सप्ताह 30 से 35 प्रतिशत थी जबकि इससे पहले अगस्त और जुलाई में आक्यूपेंसी 10 प्रतिशत तक ही रह गई थी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि सप्ताहांत में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव के दौरान यहां पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें