Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अद्भुत प्रकृति और जबरदस्त रोमांच... Manali को खास बनाती हैं ये 10 बातें, आप भी बना लेंगे घूमने का प्लान

मनाली भारत के सबसे सुंदर हिल स्टेशनों में से एक है। यहां आप अद्भुत प्राकृति को महसूस कर सकते हैं। अल्पाइन घास के मैदानों ऊंचे देवदार के पेड़ों और सदाबहार झाड़ियों के साथ मनाली की सुंदरता में चार चांद लग जाते हैं। मनाली में जोगिनी फॉल्स और राहला फॉल्स जैसे प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट भी हैं। एडवेंचर स्पोर्ट्स करने वालों के लिए भी यहां काफी कुछ है।

By Rajat MouryaEdited By: Rajat MouryaUpdated: Wed, 02 Aug 2023 06:54 PM (IST)
Hero Image
अद्भुत प्रकृति और जबरदस्त रोमांच... Manali को खास बनाती हैं ये 10 बातें

मनाली, जागरण डिजिटल डेस्क। अगर आप भी वादियों में घूमने के शौकीन हैं और नदियों के बहाव, झीलों की सुंदरता और पहाड़ों की हरियाली को देख आपका मन भी पिघल जाता है तो आपके लिए मनाली (Manali) सबसे बढ़िया जगह है। अगस्त का महीना शुरू हो गया है और गर्मी भी अपने तेवर दिखा रही है। गर्मी से बचने के लिए और सुकून के कुछ पल जीने के लिए अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए मनाली एकदम परफेक्ट जगह है।

मनाली पहाड़ियों, शानदार चट्टानों, झीलों-नदियों और हरी-भरी झाड़ियों का एक संगम है। मनाली की सबसे खास बात यही है कि साल का कोई भी समय हो हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Best Hill Station) का यह हिल स्टेशन हमेशा छुट्टियों पर जाने वालों से गुलजार रहता है। दर्शनीय स्थलों की यात्रा के साथ-साथ मनाली में करने के लिए बहुत सारी दिलचस्प चीजें हैं।

टूरिस्ट यहां रिवर राफ्टिंग से लेकर स्कीइंग और ट्रैकिंग (Manali Trekking) तक कर सकते हैं। मनाली में आपको प्रकृति के साथ-साथ एडवेंचर करने का भी मौका मिलता है। इसके अलावा यहां गर्म पानी के झरने, पार्क, ग्रामीण इलाके और स्थानीय बाजार भी हैं, जिन्हें आपको जरूर देखना चाहिए। यहां के गांव भी अपने आप में टूरिस्ट स्पॉट ही हैं। गांवों में आपको हिमाचली संस्कृति देखने को मिलेगी। चलिए अब आपको मनाली के बारे में 10 खास बातें बताते हैं।

असीमित रोमांच का लें आनंद

अगर आप एडवेंचर स्पोर्ट्स (Manali Adventure Sports) के शौकीन हैं तो आपको मनाली में खूब मजा आने वाला है। मनाली में एक से एक एडवेंचर स्पोर्ट्स कराए जाते हैं। सबसे पहले बात कर लेते हैं ट्रैकिंग की। आप भृगु लेक, वशिष्ट जोगिनी झरना, चंद्रखानी पास, चंद्रताल झील, हंपटा पास, देव टिब्बा तक ट्रैकिंग कर सकते हैं। मनाली में आप रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, पैराग्लाइडिंग, हाइकिंग आदि के माध्यम से ऊंचाई का रोमांच भी महसूस कर सकते हैं। इसके अलावा, आप जोरबिंग, स्कीइंग, बैकपैकिंग, साइकलिंग, कैंपिंग, एंगलिंग और रिवर राफ्टिंग का आनंद भी उठा सकते हैं।

मनाली की अद्भुत प्रकृति

मनाली निस्संदेह भारत के सबसे सुंदर हिल स्टेशनों में से एक है। यहां आप अद्भुत प्राकृति को महसूस कर सकते हैं। अल्पाइन घास के मैदानों, ऊंचे देवदार के पेड़ों और सदाबहार झाड़ियों के साथ मनाली की सुंदरता में चार चांद लग जाते हैं। जोगिनी फॉल्स और राहला फॉल्स प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट भी हैं। नेचर लवर्स को ऊंचाई पर स्थित भृगु झील, नेहरू कुंड और ब्यास नदी समेत अन्य जगहों को देखने का भी आनंद मिलेगा।

मनाली की संस्कृति का लें आनंद

किसी भी स्थान के बारे में जानने का सबसे अच्छा तरीका उसके सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का पता लगाना है। मनाली में भी ऐसी कुछ जगहें हैं जो इसकी समृद्ध विरासत का परिचय देते हैं। यहां आप हिमाचली संस्कृति और लोक कला संग्रहालय में अद्भुत संग्रह और निकोलस रोरिक आर्ट गैलरी और संग्रहालय में प्रसिद्ध रूसी कलाकारों की कलाकृतियां देख सकते हैं। इसके अलावा, यहां 15वीं सदी का नग्गर कैसल (Naggar Castle) है, जिसे अब एक हेरिटेज होटल में बदल दिया गया है। इसके अलावा, यहां मनाए जाने वाले त्योहारों से भी आप मनाली की संस्कृति को समझ सकते हैं।

मनाली के धार्मिक स्थलों को जरूर देखें

मनाली में कई मंदिर और अन्य धार्मिक स्थल हैं, जिन्हें जरूर देखना चाहिए। मनाली में धार्मिक स्थानों की लिस्ट में जो सबसे ऊपर प्रसिद्ध हिडिम्बा देवी मंदिर है। जिसे हडिम्बा मंदिर और ढुंगरी मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। इस मंदिर का निर्माण 16वीं शताब्दी में हुआ था। मंदिर में आपको लकड़ी की अद्वितीय वास्तुकला देखने को मिलेगी। इसी के साथ, आपको मनु महर्षि मंदिर, वशिष्ठ गर्म पानी के झरने और गौरी शंकर मंदिर भी जाना चाहिए। वहीं, पास के शहर मणिकरण में भी लोकप्रिय तीर्थ स्थल हैं।

घूमने के साथ-साथ खाने का मजा

अगर आप खाने के शौकीन हैं तो आपको जानकर खुशी होगी कि मनाली में स्वादिष्ट स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसने वाले कैफे और रेस्तरां भरे पड़े हैं। यहां के सबसे फेमस कैफे हैं- जॉनसन कैफे, कासा बेला विस्टा और कैफे 1947। वहीं, अगर आप स्थानीय हिमाचली भोजन खाना चाहते हैं कि आपको वाइब्स पर जरूर जाना चाहिए। इसी के साथ आप स्वादिष्ट तिब्बती और चीनी भोजन का स्वाद लेने के लिए, तिब्बत किचन पर जाना चाहिए। मनाली में खाने के लिए अन्य लोकप्रिय स्थान ड्रिफ्टर्स इन एंड कैफे, द लेज़ी डॉग, चॉपस्टिक्स, ला प्लाज और इल फोर्नो हैं।

मनाली की फेमस मॉल रोड

अगर आप मनाली आ रहे हैं और आप खरीदारी के शौकीन हैं तो आपके लिए मॉल रोड सबसे बढ़िया जगह है। मॉल रोड को इस पहाड़ी शहर की जीवन रेखा भी कहा जाता है। मॉल रोड में तिब्बती सामान, स्मृति चिन्ह, ऊनी कपड़े, सहायक उपकरण आदि बेचने वाली कई दुकानें हैं। इसी के साथ आप मनु बाजार, देहाती पुराना मनाली बाजार और रंगीन तिब्बती बाजार भी जा सकते हैं।

मनाली की नाइट लाइफ

अक्सर आपने लोगों को यह कहते हुए सुना होगा कि हिल स्टेशनों पर सूर्यास्त के बाद कुछ खास करने को नहीं होता। लेकिन मनाली के साथ ऐसा नहीं है। मनाली में जहां आप प्रकृति की सुंदरता को महसूस करते हैं ठीक वैसे ही आपको यहां की नाइट लाइफ भी जरूर एंजॉय करनी चाहिए। मनाली में कई पब, डिस्क और क्लब हैं। यहां आप सूर्यास्त के बाद विजिट कर सकते हैं और मनपसंद खाना-पीना एंजॉय कर सकते हैं।

मठों का आध्यात्मिक सुख

मनाली में आप मठों के अनूठे आध्यात्मिक माहौल का आनंद ले सकते हैं। यह आपको बौद्ध धर्म के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराता है। ये मठ न केवल अपने धार्मिक महत्व के लिए बल्कि अपनी प्रभावशाली वास्तुकला, समृद्ध संस्कृति और इतिहास के लिए भी हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हिमालयन निंगमापा बौद्ध मंदिर और गधन थेकछोकलिंग गोम्पा, जो मनाली गोम्पा के नाम से लोकप्रिय हैं, दो सबसे प्रसिद्ध मठ हैं जिन्हें आपको अवश्य देखना चाहिए।

रोहतांग पास के लिए जरूर रखें एक दिन

रोहतांग पास जाए बिना आपकी मनाली ट्रिप अधूरी रहेगी। मनाली से लगभग 51 किमी दूर और समुद्र तल से 4000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पर्यटन स्थल हर किसी को प्रसन्न करने का काम करता है। रोहतांग पास में आप अद्भुत प्रकृति को महसूस करते हैं। रोहतांग में आप कई तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं।

सोलंग घाटी में मिलेगा शानदार अनुभव

मनाली से रोहतांग के रास्ते में स्थित सोलंग घाटी एक ऐसी जगह है जिसे आप मनाली की अपनी यात्रा के दौरान मिस नहीं कर सकते। यह स्थान सुबह से शाम तक पर्यटकों से गुलजार रहता है। क्योंकि यहां करने के लिए केबल कार की सवारी सहित कई रोमांचक चीजें हैं। सर्दियों के दौरान पूरी घाटी एक फेरी-टेल जैसी लगती है, जिसमें जमीन का हर इंच बर्फ से ढका होता है। बर्फ के पिघलते ही इस स्थान पर पैराग्लाइडिंग, जोरबिंग, रॉक क्लाइंबिंग, पैराशूटिंग, घुड़सवारी आदि में रुचि रखने वाले पर्यटकों का जमावड़ा लग जाता है।