Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: मंडी के नौ मील में मलबे में फंसे कई वाहन, लोगों ने भागकर बचाई जान, घंटों जाम रहा हाईवे

मंडी के नौ मील में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई वाहन मलबे में फंस गए। कीरतपुर-मनाली फोर-लेन करीब 10 घंटे तक बाधित रहा। छोटे वाहनों को मंडी से कटौला और पंडोह से गोहर होकर भेजा गया। शनिवार सुबह 10 बजे मार्ग बहाल हुआ लेकिन दोपहर बाद एक बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। लोग जाम में फंसे रहे।

By Hansraj Saini Edited By: Sushil Kumar Updated: Sat, 14 Sep 2024 08:37 PM (IST)
Hero Image
Himachal News: मंडी में मलबे में फंसे कई वाहन, लोगों ने बचाई जान।

जागरण संवाददाता, मंडी। जिले के नौ मील में आधी रात को मलबे में कई वाहन फंस गए। लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। शुक्रवार रात को पंडाेह क्षेत्र में भारी वर्षा होने से चार से नौ मील तक कई स्थानों पर पहाड़ दरकने से मलबा कीरतपुर मनाली फोरलेन पर आ गया।

मार्ग रात करीब एक बजे पूरी तरह से बंद हो गया। मलबे में कई वाहन फंस गए। इससे मार्ग के दोनों छोर पर वाहनों की चार से पांच किलोमीटर तक कतार लग गई। मलबे के कारण मार्ग करीब नौ घंटे बाधित रहा। शनिवार सुबह पोकलेन व जेसीबी लगा मलबा हटाया गया। फंसे वाहन निकाले गए।

जाम में फंसे रहे लोग

सुबह 10 बजे मार्ग बहाल हुआ। दोपहर बाद एक बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन ने छोटे वाहनों को मंडी से कटौला बजौरा होकर कुल्लू की ओर भेजा। कुल्लू से आने वाले वाहन पंडोह गोहर चैल चौक डडौर होते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुए।

मार्ग बाधित रहने से फल सब्जी की गाड़ी समय पर मंडियों में नहीं पहुंच पाई। दूध व अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी बाधित हुई। चार से नौ मील तक फाेरलेन निर्माण के लिए पहाड़ की कटिंग की गई थी। पिछले वर्ष की प्राकृतिक आपदा से यहां निर्माणाधीन फोरलेन को भारी क्षति पहुंची थी।

पहाड़ की कटिंग का काम रोक दिया गया था। अब यहां करीब ढाई किलाेमीटर लंबी दोलेन सुरंग प्रस्तावित है। वर्षा होने से कटे हुए पहाड़ का मलबा मार्ग पर आ रहा है। इससे यहां आए दिन मार्ग बाधित हो रहा है।

नौ मील में रात को मलबा आने से कई वाहन फंस गए थे। कीरतपुर मनाली फोरलेन करीब 10 घंटे बाधित रहा।

- सागर चंद्र शर्मा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी

यह भी पढ़ें- Mandi Masjid Case: मस्जिद का अवैध निर्माण गिरने तक होगा हनुमान चालीसा का पाठ, हिंदू जागरण मंच की चेतावनी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर