Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Rains: मंडी में बारिश का कहर जारी, सात मील में फटा बादल; 300 से अधिक मार्ग बाधित, देखें तस्‍वीरें

Himachal Rains हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मवेशियों के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है। बल्ह घाटी के 100 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। जिले में 300 से अधिक संपर्क मार्ग और 1500 के करीब बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। सुकेती और उसकी सहायक खड्डें पूरे उफान पर हैं।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Mon, 14 Aug 2023 07:21 AM (IST)
Hero Image
मंडी में बारिश का कहर जारी, घरों में कैद लोग; 300 से अधिक मार्ग बाधित, देखें तस्‍वीरें

मंडी, हंसराज सैनी: हिमाचल के मंडी जिला में वर्षा,बाढ़ और भूस्खलन का कहर जारी है। यहां तीन दिन से भारी वर्षा हो रही है। इससे हालात बिगड़ गए हैं। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मवेशियों के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है। बल्ह घाटी के 100 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। बिजली,पानी और दूरसंचार सेवाएं ठप पड़ी हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में तीन दिन से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई है।

जिले में 300 से अधिक संपर्क मार्ग और 1500 के करीब बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। सुकेती और उसकी सहायक खड्डें पूरे उफान पर हैं। खड्डों का ताडंव तीसरे दिन भी जारी है। तीसरे दिन भी डडौर और नेरचौक में बाढ़ का पानी कई घरों और दुकानों में घुसने से भारी नुकसान हुआ है। धर्मपुर में सौन खड्ड लोगों को डरा रही है। सरकाघाट उपमंडल में भूस्खलन से हालात विकराल हो गए हैं।

मुख्य और संपर्क मार्ग बाधित होने से प्रभावितों तक मदद नहीं पहुंच पा रही है। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य शुरु करने में दिक्कत आ रही है। मंडी के सात मील में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। दो वाहन पानी में बह गए हैं। लोग भाग कर सुरक्षित ठिकानों पर चले गए हैं।15 लोग फंसे हुए हैं। मझवाड़ में एक पशुशाला गिर गई। यहां एक महिला लापता हो गई है।

सोलन में देर रात फटा बादल

सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल के तहत आने वाले जोडों गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। देर रात हुई इस घटना में दो घर बह गए हैं जबकि एक गौशाला भी बह चुकी है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घर में कितने लोग थे इस बात का अभी पता नहीं लग पा रहा है।

प्रशासन व स्थानीय लोगों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को संचालित करने में दिक्कत आ रही है। अभी तक चार शवों को निकाला गया। तीन और लोगों की तलाश जारी है।

कीरतपुर नागचला फोरलेन पर आधी रात को पनोह में दरका पहाड़, बाल बाल बचे लोग

कीरतपुर नागचला फोरलेन पर आधी रात का पनोह में पहाड़ दकरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। यहां रात करीब दो बजे अचानक पहाड़ दकरने से मलबा और चट्टानें फोरलेन पर आ गई। फोरलेन से गुजर रहे कई वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल बाल बचे। हजारों वाहन जगह जगह फंसे हुए हैं। लोगों को रात वाहनों में गुजारनी पड़ी।

नागचला मनाली फोरलेन चार दिन से छह मील में बंद

नागचला मनाली फोरलेन चार दिन से छह मील में बंद हैं। यहां पहाड़ दरकने से स्थिति नाजुक बन गई है। मलबा हटाने में कई दिन लगेंगे। हजारों माल वाहक व लग्जरी बसें जगह जगह फंसी हुई हैं।

मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग गुम्मा और पातकू में बाधित

मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुम्मा और पातकू में भूस्खलन होने से बाधित है। यहां भी सैकड़ों वाहन जगह जगह फंसे हुए हैं। प्रमुख मार्गों के बंद होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। 

मंडी के अलग-अगल वार्डों में हो रहा लैंड स्‍लाइड

मंडी नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में लैंड स्लाइड से कई घरों को खतरा बना हुआ है। मंडी के सनयार्ड वार्ड में लैंड स्लाइड से 12 घर चपेट में आ गए हैं। चडयाना में एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मांहूनाग मंदिर से आगे डिपो के पास एक बहुत बड़ा लहासा गिरा हुआ है जिसके नीचे एक मारुति कार और ट्रैक्टर आ गया है। अप्पर भ्यूली में भी लैंड स्लाइड हुआ।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्ख की आपदा को लेकर मंडी में आज होने वाली बैठक रद

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की आज मंडी में आपदा को लेकर होने वाली बैठक रद हो गई है। मौसम प्रतिकूल है। मुख्यमंत्री अब सड़क मार्ग से डडौर चैलचौक गोहर पंडोह होकर कुल्लू जाएंगे। वह मंगलवार को मनाली में आयोजित होने वाले राजस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेंगे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर