Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Mandi: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव; पर देव परंपरा के गवाह बने हजारों श्रद्धालु, देव धुनों पर झूमे देवलु

Mandi Madhya Jaleb News अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में राज देवता माधोराय की मध्य जलेब (शोभा यात्रा) में बुधवार को हजारों श्रद्धालु देव परंपरा के गवाह बने। मध्य जलेब में प्राचीन परंपरा के अनुसार देवी-देवताओं ने शिरकत की।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Thu, 23 Feb 2023 03:47 PM (IST)
Hero Image
जिले के देवी-देवताओं के साथ देवलुओं ने देव परंपरा का निर्वहन किया l

मंडी, जागरण संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में राज देवता माधोराय की मध्य जलेब (शोभा यात्रा) में बुधवार को हजारों श्रद्धालु देव परंपरा के गवाह बने। मध्य जलेब में प्राचीन परंपरा के अनुसार देवी-देवताओं ने शिरकत की।

राज देवता माधोराय पालकी में सवार होकर निकले। जलेब में देव धुनों पर देवताओं संग देवलु जमकर झूमे। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। राजदेवता माधोराय मंदिर में पूजा करने के बाद वह जलेब में शामिल हुए। जलेब का नेतृत्व सराज घाटी के देवता छांजणू-छमांहू ने किया।

पालकी में सवार होकर निकले राज देवता

सबसे आगे पुलिस के घुड़सवार, पुलिस और होमगार्ड बैंड, पुलिस के जवान, महिला पुलिस व गृहरक्षकों की टुकड़ियों के अलावा सांस्कृतिक छटा बिखेरते विभिन्न दलों ने जलेब में शिरकत की। सराज, सनोर-बदार क्षेत्र के देवता रियासतकाल की परंपरा के अनुसार अपने-अपने क्रम में जलेब में शामिल हुए। चौहारघाटी के देवताओं ने हुरंग नारायण की अगुआई में शिरकत की। शिवरात्रि महोत्सव 25 फरवरी को संपन्न होगा। समापन अवसर पर चौहाटा की जातर व देव कार होगी।

सुंदर सिंह ने जलेब में लिया भाग

मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर का यह देव समागम अनूठा महोत्सव है। इसमें श्रद्धालुओं को देवी-देवताओं के दर्शन करने का अवसर प्राप्त होता है। देवलु देव समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो अपना घर परिवार छोड़कर देव परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। कुल्लू और मंडी का देव समाज एक हो रहा है और भविष्य में एक साथ आगे बढ़कर देव परंपराओं को आगे ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।