Move to Jagran APP

हिमाचल में नशे की लौ जला रही 'मोमबत्ती' सातवीं बार हुई गिरफ्तार, पुलिस को आता देख छोड़ दिए कुत्ते

मंडी में चिट्टा बेचने के आरोप में गिरफ्तार मोमबत्ती उर्फ उमा को नगर निगम ने अवैध निर्माण पर नोटिस दिया है। पुलिस ने उस पर संगठित अपराध की धारा भी लगाई है। मोमबत्ती के बैंक खातों और लॉकर की भी जांच होगी। आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीम पंजाब और दिल्ली जाने की तैयारी कर रही है। उमा को पहले भी 6 बार गिरफ्तार किया जा चुका है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 22 Oct 2024 01:44 PM (IST)
Hero Image
नशे की आरोपी को मंडी नगर निगम को थमाया नोटिस (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, मंडी। चिट्टा बेचने के आरोप में बेटे, भांजे सहित गिरफ्तार मोमबत्ती उर्फ उमा को नगर निगम ने नोटिस थमाया है। नगर निगम ने अवैध निर्माण पर उत्तर मांगा है। पुलिस ने नगर निगम के आयुक्त से अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने का आग्रह किया था। मोमबत्ती पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर तीन मंजिला मकान बनाने का आरोप है।

सातवीं बार गिरफ्तार हुई है मोमबत्ती

चिट्टे के साथ सातवीं बार पकड़ने जाने पर पुलिस ने अब कड़ी कार्रवाई की है। पहले पुलिस मादक पदार्थ अधिनियम में ही मामला दर्ज करती थी। इस बार संगठित अपराध की धारा भी लगाई गई हैं। पुलिस ने मोमबत्ती के बैंक खातों व लॉकर आदि की जानकारी भी मांगी है।

बैंक खातों से पैसा कहां कहां ट्रांसफर और जमा हुआ है, पुलिस अब इसकी बारीकी से जांच करेगी। उमा उर्फ मोमबत्ती की पहली गिरफ्तारी साल 2006 में हुई थी। 2006 में मोमबत्ती को 28 ग्राम स्मैक, 2011 में 5 ग्राम स्मैक, 2019 दो ग्राम स्मैक, 2021 में 144 ग्राम चिट्टा, 2023 में 13 ग्राम चिट्टा रखने के आरोप में गिरफ्तार हो चुकी है।

बेटे और भांजे की खंगाली जा रही हिस्ट्री

मोमबत्ती के अलावा उसके बेटे अरुण भट्टी व भांजे अभिषेक की पूरी हिस्ट्री खंगाली जा रही है। पुलिस तीनों के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन भी जुटा रही है। आरोपित पंजाब के किन किन लोगों के संपर्क में थे। इस बात का पता लगाया जा रहा है।

आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीम ने पंजाब और दिल्ली जाने की तैयारी कर ली है। पंजाब के कई सप्लायर मोमबत्ती के घर चिट्टे की खेप छोड़ने आते थे। भांजे अभिषेक को भी पंजाब भेजती थी। तल्याहड़ में 20 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए चारों आरोपितों की चल अचल संपत्ति की जांच होगी।

अवैध निर्माण को लेकर उमा को नोटिस दिया गया है। जल्द कार्रवाई होगी।

-एचएस राणा आयुक्त नगर निगम मंडी

यह भी पढ़ें- Himachal News: अब फ्री पानी की सुविधा बंद, अब हर महीने बिल भरने के लिए हो जाएं तैयार

कुत्तों को कब्जे में लेने की तैयारी

पुलिस ने मोमबत्ती के तीनों कुत्तों को कब्जे लेने की तैयारी कर ली है। इसके लिए कानूनी राय ली जा रही है। दो पिटबुल व एक भोट नस्ल का कुत्ता पाल रखा है। तीनों कुत्तों से घर की कीलेबंदी कर रखी है। उमा उर्फ मोमबत्ती ने पुलिस को आता देख घर के आंगन में बंधे कुत्ते को खोल दिया। कुत्तों के हमला करते ही पुलिस वालों ने छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस को भी दबिश देने से पहले कई बार सोचना पड़ता है। इस बार भी कुत्तों को मांस डालकर पुलिस ने अपना बचाव किया था।

यह भी पढ़ें- Himachal Cabinet Meeting: सुक्खू कैबिनेट की बैठक आज, होम स्टे और वन मित्र भर्ती पर हो सकता है निर्णय

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।