Move to Jagran APP

Mandi News: 5 माह बाद फिर से शुरू हुआ पंडोह टकोली फोरलेन का निर्माण कार्य, आवाजाही के लिए खुली पांच सुरंगें

पांच महीने के बाद पंडोह टकोली फोरलेन का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। शापूरजी पालोनजी कंपनी ने मई में काम बंद कर दिया था। एनएचएआई ने शापूरजी पालोनजी कंपनी के साथ दूसरी बार निपटान समझौता किया है। अब निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा करना होगा। एनएचएआई मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने कहा कि निर्माण कार्य तय अवधि में पूरा किया जाएगा।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sat, 12 Oct 2024 09:27 AM (IST)
Hero Image
फिर शुरु हुआ पंडोह टकोली मार्ग का काम

जागरण संवाददाता, मंडी। करीब पांच माह बाद पंडोह टकोली फोरलेन का निर्माण कार्य दोबारा शुरु हो गया है। एनएचएआई ने शापूरजी पालोनजी कंपनी के साथ दूसरी बार निपटान समझौता (सेटलमेंट एग्रीमेंट) किया है। अब निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा करना होगा। पंडोह टकोली सेक्शन का काम शापूरजी पालोनजी कंपनी को 2017 में अवॉर्ड हुआ था।

2018 में शुरू किया गया था निर्माण

कंपनी ने 2018 में निर्माण कार्य शुरु किया था। टेंडर की शर्तों के तहत निर्माण कार्य 23 सितंबर 2021 तक पूरा होना चाहिए था, लेकिन कंपनी काम पूरा नहीं कर पाई थी। एनएचएआई ने 30 मार्च 2022 को निपटान समझौता कर 30 जुलाई 2024 तक काम पूरा करने का वादा किया था। शापूरजी पालोनजी कंपनी ने मई में काम बंद कर दिया। अब दूसरी बार कुछ दिन पहले निपटान समझौता किया है।

दायें तट पर बन रहा 18.131 किलोमीटर मार्ग

दायें तट पर 18.131 किलोमीटर मार्ग का निर्माण हो रहा है। इसमें सुरंगों की लंबाई 11.735 किलोमीटर है। बायें तट पर मार्ग की लंबाई 18.678 किलोमीटर हैं। इसमें सुरंगों की लंबाई 10.105 किलोमीटर है। लारजी की 2815 मीटर पुरानी सुरंग के अलावा यहां 10 नई सुरंगें बन रही हैं। इसमें पांच सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन सुरंगों को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।

एक सुरंग में आई दरारों का आस्ट्रिया के विशेषज्ञ कर रहें अध्ययन

थलौट मे 2836 मीटर की नई सुरंग बन चुकी है। सुरंग के ऊपर करीब 500 मीटर तक पहाड़ दर चुका है। इसके कारण सुरंग को आवाजाही के लिए नहीं खोला जा रहा है। एक सुरंग में हल्की दरारें आई हैं। आस्ट्रिया के विशेषज्ञ इसका अध्ययन कर रहे हैं। इसके बाद मरम्मत कार्य होगा।

डयोड की 2800-2800 मीटर की दोनों सुरंगों के छोर मिल चुके थे। लेकिन मई में सुरंगों का बड़ा भाग धंस गया था। अब मलबा हटा दोबारा काम होगा। पिछले दिनों इन्हीं सुरंगों के 100 मीटर ऊपर एक गड्ढा बन गया था। शापूरजी पालोनजी कंपनी की घटिया कार्ययोजना के चलते पंडोह टकोली सेक्शन का काम पूरा होने में विलंब हुआ है।

यह भी पढ़ें- खुशखबरी! हिमाचल के कर्मचारियों-पेंशनरों को दिवाली बोनस, DA में 4 फीसदी की बढ़ोतरी; 28 अक्टूबर को आएगी सैलरी और पेंशन

बिंदू ढोंग में मार्ग को दो लेन बनाने की कवायद शुरु

एनएचएआई ने ब्यास नदी का जलस्तर कम होने के बाद मनाली के बिंदू ढोंग में मार्ग को दो लेन बनाने की कवायद शुरु कर दी है। पिछली बरसात में यहां ब्यास में आई बाढ़ से मार्ग का बढ़ा हिस्सा बह गया था। यहां अस्थायी रूप से मार्ग बना यातायात बहाल किया गया था। अब नदी के तट से क्रेटवाल लगाकर मार्ग को दोलेन बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इससे वाहन चालकों व आम लोगों को परेशानी नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- 'मैं बहुत शरारती था, मुझे स्कूल में पड़ते थे डंडे'; जब बचपन की दुनिया में खो गए सीएम सुक्खू

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें