Move to Jagran APP

PM Modi Himachal Rally: खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाले सबसे बड़े भ्रष्टाचारी, PM माेदी की रैली की मुख्य बातें

PM Modi Himachal Rally प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के दो जिलों में चुनावी रैली को संबोधित किया। मंडी जिला के सुंदरनगर व सोलन शहर के ठोडो मैदान में उन्होंने जनसभा में कांग्रेस को अपने निशाने पर लिया।

By Jagran NewsEdited By: Virender KumarUpdated: Sat, 05 Nov 2022 09:19 PM (IST)
Hero Image
PM Modi Himachal Rally: मोदी रैली ने हिमाचल रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

मंडी/सोलन, जागरण टीम। PM Modi Himachal Rally, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाले ही सबसे बड़े भ्रष्टाचारी हैं। कांग्रेस पर कभी भरोसा मत करना। स्वतंत्रता के बाद देश का पहला घोटला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में जमकर दलाली खाई है। कांग्रेस यह कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो सामान में आत्मनिर्भर बने। कांग्रेस रक्षा सौदों में कमीशन चाहती थी। हथियारों में दलाली खाकर कांग्रेस ने कितनी ही जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया है, लेकिन भाजपा किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी। रक्षा सौदों में दलाली का नुकसान देवभूमि हिमाचल की वीर माताओं को झेलना पड़ा जिन्होंने अपने बेटे मातृभूमि की रक्षा के लिए सीमा पर भेजे थे।

— Narendra Modi (@narendramodi) November 5, 2022

सुंदरनगर व सोलन में कांग्रेस पर तीखे हमले

शनिवार को मंडी जिले के सुंदरनगर व सोलन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। कहा- कांग्रेस लटकाओ और भटकाओ में लगी है। स्वार्थी समूहों से देश की एकता और अखंडता को खतरा है। कांग्रेस ने 50 साल तक केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया, किया कुछ नहीं। चुनाव होते गए कांग्रेस सरकार बनाती रही, लेकिन गरीबी नहीं हटी। मोदी ने विकास के लिए स्थिर सरकार की जरूरत बताई।

मंडी जिला के सुंदरनगर में रैली के दौरान पीएम मोदी को गुर्ज भेंट करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप।

भाजपा ने दी OROP

चुनाव की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री का हिमाचल का यह पहला दौरा। पीएम ने मंडी जिले के सुंदरनगर व सोलन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक दृष्टि से छोटे पहाड़ी प्रदेश के विकास को कभी प्राथमिकता नहीं दी। इससे हिमाचल लगातार पीछे होता गया। पीएम ने कहा कि वन रैंक वन पेंशन (OROP) भाजपा ने दी है। कांग्रेस प्रत्येक चुनाव में यह वादा करती थी। भाजपा ने इसे पूरा करके दिखाया है। 60 हजार करोड़ रुपये पूर्व सैनिकों को मिले। कांग्रेस ने देश की वीर माताओं और जवानों से झूठ बोला है। यदि कांग्रेस सरकार होती तो आज भी वन रैंक वन पेंशन के नाम पर आपको ठगती रहती।

विदेश में हिमाचल की चर्चा होगी, बदलनी होगी परंपरा

स्थानीय बोली से भाषण की शुरुआत करने के बाद नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हिमाचल की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाने के लिए हम काम कर रहे हैं। नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क व ऊना में बल्क ड्रग पार्क बनने के बाद हिमाचल की फार्मेसी के क्षेत्र में भागीदारी बढ़ने वाली है। इससे विदेश में भी हिमाचल की चर्चा होगी। लोगों की भीड़ देख मोदी ने कहा कि आप सबने विरोधियों की नींद खराब कर दी है। कांग्रेस दलदल में फंसी हुई और गुटों में बंटी पार्टी है। पांच वर्ष के बाद सरकार बदलने की परंपरा को खत्म करने की जरूरत है। स्थिर सरकार ही प्रदेश में विकास करवा सकती है। माता शूलिनी के आशीर्वाद से सोलन ने अपनी पहचान टमाटर व मशरूम सिटी के नाम से देशभर में बनाई है। हिमाचल के रास्ते और पहाड़ सब याद हैं। यहां की यादें आज भी हिमाचल की तरफ खींचती हैं। यहां के हर गली-मोहल्ले को जानता हूं। आप सरकार से जवाब मांगना चाहते हैं और सरकार की जवाबदेही चाहते हैं तो एक मौका और दें। सरकार डबल ऊर्जा के साथ काम करेगी। बार-बार दवा बदलने से बीमारी कभी ठीक नहीं होती, इसलिए प्रदेश में फिर भाजपा को मौका दें। मोदी ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनाने का संकल्प पालमपुर से ही लिया था। आज राम मंदिर बन रहा है।

विशेष बच्चों को देख गाड़ी से उतरे मोदी

सोलन शहर के राजगढ़ मार्ग पर मस्कुलर डिस्ट्राफी से पीड़ित बच्चों को देखते ही प्रधानमंत्री मोदी का काफिला रुक गया। मार्ग पर विशेष बच्चे मोदी के स्वागत के लिए खड़े थे। प्रधानमंत्री गाड़ी से उतरकर बच्चों से मिले। करीब दो मिनट तक मोदी यहां रुके। बच्चों से कहा कि यह पल उनके लिए बहुत यादगार है व मन की बात में वह इसका जरूर जिक्र करेंगे। इस दौरान वह मस्कुलर डिस्ट्राफी आफ इंडिया के अध्यक्ष विपुल गोयल से भी मिले।

हर बूथ पर कमल का फूल ही उम्मीदवार है

मोदी ने कहा कि हर बूथ पर कमल का फूल ही उम्मीदवार है। कमल के फूल पर पड़ा हर वोट हिमाचल के इस बेटे को दिल्ली में ताकत देगा। सब मिलकर नया रिवाज बनाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें देवरथ भेंट किया।

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: कौन हैं मनोहर लाल जिनके लाजवाब चने का पीएम मोदी ने किया जिक्र, बुधराम भी हुए गदगद

यह भी पढ़ें : Video: हिमाचल में रैली से पहले पीएम मोदी ने डेरा ब्यास में भरी हाजिरी, जानिए क्या है चुनाव कनेक्शन

यह भी पढ़ें : Modi Road Show Himachal: सड़क किनारे विशेष बच्‍चों को देखकर रुक गया मोदी का काफ‍िला, देखिए वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।