Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हिमाचल में कमल खिला, धूमल मुरझाए

विधानसभा चुनाव में चार महिलाएं चुनकर आई हैं। 21 नए चेहरे पहली बार विधानसभा में पहुंचने में कामयाब रहे।

By Babita KashyapEdited By: Updated: Tue, 19 Dec 2017 09:15 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल में कमल खिला, धूमल मुरझाए

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 44 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। हालांकि भाजपा के मुख्यमंत्री पद के घोषित प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल को सुजानपुर से हार का सामना करना पड़ा। सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के आठ में से पांच मंत्री चुनाव हार गए। इनमें जीएस बाली, कौल सिंह, प्रकाश चौधरी, सुधीर शर्मा व ठाकुर सिंह भरमौरी शामिल हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, रविंद्र सिंह रवि, रणधीर शर्मा समेत भाजपा के कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। माकपा का एक व दो सीटों पर निर्दलीय जीतकर आए हैं।

विधानसभा चुनाव में चार महिलाएं चुनकर आई हैं। 21 नए चेहरे पहली बार विधानसभा में पहुंचने में कामयाब रहे। भाजपा ने पिछले चुनाव से 10 फीसद अधिक मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस के मत प्रतिशत में .5 की मामूली गिरावट दर्ज की गई। सुजानपुर से धूमल की हार के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह तय करेंगे। इसके लिए दो दिन में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा आलाकमान ने पार्टी के तीन वरिष्ठ नेताओं जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल और

विपिन परमार को दिल्ली बुला लिया है।

चुनाव परिणाम के आधार पर देखा जाए तो सबसे बड़े कांगड़ा जिले से भाजपा के 11 विधायक जीतकर आए हैं। कांग्रेस सिर्फ तीन सीटें जीत पाई। हारने वाले बड़े नामों में परिवहन मंत्री जीएस बाली, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, भाजपा के रविंद्र सिंह रवि व राज्यसभा सदस्य विप्लव ठाकुर शामिल हैं। एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के नाम रही। 

दूसरे सबसे बड़े मंडी जिले से भाजपा नौ सीटें जीती है। कांग्रेस यहां खाता भी नहीं खोल पाई, एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती। शिमला जिले में कांग्रेस ने चार सीटें जीतीं जबकि भाजपा ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया। एक सीट माकपा ने जीती। ऊना जिले में भाजपा को तीन व कांग्रेस को दो सीटें मिली। हमीरपुर में कांग्रेस को तीन व भाजपा को दो सीटें मिलीं।

चंबा जिले में भाजपा ने चार सीटों पर बाजी मारी, जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत पाई। लाहुल-स्पीति में एकमात्र सीट भाजपा ने जीती, जबकि किन्नौर की इकलौती सीट पर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा। सिरमौर में भाजपा ने तीन व दो पर भाजपा ने कब्जा जमाया। सोलन में कांग्रेस ने तीन व भाजपा ने दो सीटें जीतीं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अर्की सीट से जीतने में कामयाब रहे। कुल्लू जिले में भाजपा को तीन सीटों पर कामयाबी मिली जबकि कांग्रेस एक सीट पर सिमट गई। यहां भाजपा के दिग्गज महेश्वर सिंह को हार का सामना करना पड़ा। बिलासपुर में भाजपा ने तीन व कांग्रेस ने एक सीट जीती।

यह भी पढ़ें: कौन बनेगा हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री?

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें