Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गजब! कैदी ने जताई ताजमहल देखने की इच्छा, ख्वाहिश पूरी करने हिमाचल से आगरा ले आए चार पुलिसकर्मी

हिमाचल प्रदेश के सिपाहियों द्वारा एक कैदी को वीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में एक वीडियो इंटरनेट पर चर्चाओं का विषय बना हुआ है। दरअसल चार पुलिसकर्मी एक कैदी के साथ आगरा में ताजमहल देखने के लिए पहुंचते हैं। हाथों में हथकड़ी लगाए कैदी बिना किसी डर के आराम से परिसर में जाने लगता है। लेकिन ताजमहल की सुरक्षा में तैनात गार्ड उन्हें एंट्री नहीं देते हैं।

By avinash jaiswal Edited By: Deepak Saxena Updated: Wed, 24 Jul 2024 07:06 PM (IST)
Hero Image
कैदी को ताजमहल दिखाने के लिए आगरा पहुंची हिमाचल पुलिस।

जागरण संवाददाता, शिमला/आगरा। दुनिया के सातवें अजूबे को देखने की ख्वाहिश में चोर और हिमाचल प्रदेश के पुलिसकर्मियों में साठगांठ हो गई ।आगरा पेशी पर लाए कैदी को पुलिसकर्मी हथकड़ी डालकर ताजमहल घुमाने पहुंच गए। टिकट खरीद कर प्रवेश का प्रयास किया पर सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर रोक दिया। लोगों ने उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

कैदी के साथ ताजमहल देखने पहुंचे चार पुलिसकर्मी

घटना मंगलवार दोपहर तीन बजे की बताई जा रही है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने बताया कि सफेद रंग की हिमाचल नंबर की पुलिस जीप ताजमहल पूर्वी गेट के अमर विलास बैरियर पहुंची। जीप में से चार पुलिसकर्मी और हथकड़ी लगाए एक कैदी उतरा। वहां मौजूद ताज सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने हथियार के साथ जाने से रोक दिया। इसके बाद एक पुलिसकर्मी उनके हथियार लेकर वहीं स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ बैठ गया।

शेष तीनों कैदी को लेकर ताजमहल की ओर चले गए। टिकट खरीदा और पूर्वी गेट पहुंच गए। एएसआई और एडीए के कर्मचारियों ने हथकड़ी के साथ कैदी को अंदर ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी बैरंग वापस लौट गए।

ये भी पढ़ें: Himachal News: शून्य पंजीकरण वाले 99 स्कूलों पर लगेगा ताला, बैठक में CM सुक्खू ने दिए निर्देश; 460 विद्यालय होंगे मर्ज

वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने लगे पुलिसकर्मी

वीडियो में कैदी को हथकड़ी लगी दिख रही है पर पुलिसकर्मी उसे खुला छोड़ कर चलते दिख रहे हैं। कैदी खुद हथकड़ी की जंजीर हाथ में लपेट कर आराम से चल रहा था। हिमाचल पुलिस की यह कारगुजारी देख स्थानीय लोगों ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिसकर्मी मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे।

लोगों की संख्या बढ़ने पर स्थानीय पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा कर वहां से निकाल दिया। सिपाहियों की भाषा शैली से वो हरियाणा के लग रहे हैं, हालांकि वीडियो बनाने वाले ने उनके हिमाचल का होने की जानकारी दी है।

पुलिस ने नहीं निभाई जिम्मेदारी

हिमाचल पुलिस के सिपाहियों द्वारा कैदी को वीआईपी ट्रीटमेंट देते हुए ताजमहल घुमाने लाने पर स्थानीय पुलिस को वहीं रोक देना चाहिए था। सुरक्षा की दृष्टि से उनसे पूछताछ करनी चाहिए थी, लेकिन खाकी को देखकर खाकी को नियमों की अवहेलना और अपराध नजर नहीं आया। उल्टा सिपाहियों की गाड़ी को वहीं खड़ा भी होने दिया गया।

ये भी पढ़ें: हिमाचल में नहीं रुक रहे सड़क हादसे, दोपहिया वाहन से 56 फीसदी एक्सीडेंट; स्पीड बोर्ड से ड्राइवर हो रहे कंफ्यूज