Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: दिल्ली के AIIMS अस्पताल से 16 दिनों बाद स्वस्थ होकर लौटे सीएम सुक्खू, शिमला में हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का शिमला पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। आपको बता दें कि सीएम 16 दिनों पहले दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती हुए थे। शनिवार को ही एम्स से छुट्टी मिलने के बाद सुबह 1100 बजे वे शिमला पहुंचे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ उन पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।

By Yadvinder SharmaEdited By: Shoyeb AhmedUpdated: Sat, 11 Nov 2023 05:22 PM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली एम्स अस्पताल से वापिस लौटने के बाद मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal CM Health Update: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhu) को एम्स अस्पताल से उपचार के बाद शनिवार को छुट्टी मिल गई। सीएम सुक्खू सुबह 11:30 बजे शिमला पहुंचे और वहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।।

मुख्यमंत्री जब होटल मरीना से ओक ओवर तक पहुंचे तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप के साथ उन पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। पत्रकारों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद और जनता की दुआओं से स्वस्थ होकर लौटा हूं।

सीएम ने लोगों का किया आभार व्यक्त

सीएम ने हिमाचल प्रदेश के लोगों के आशीर्वाद, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डाक्टरों ने उन्हें आराम करने और उचित आहार लेने की सलाह दी है, लेकिन वह अपने सरकारी कर्तव्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने दोबारा दोहरा किया चार साल के भीतर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य और अगले दशक के भीतर देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

18 नवंबर को कैबिनेट बैठक निर्धारित की गयी है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से अपनी संक्षिप्त अनुपस्थिति के दौरान कर्तव्यों के जिम्मेदारी पूर्ण संचालन के लिए सभी कैबिनेट सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

पाचं राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह पांच राज्यों में चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे, लेकिन इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत तय है। उन्होंने राज्य के विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

ये लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव चौधरी राम कुमार, आशीष बुटेल, संजय अवस्थी, विधायक, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और वरिष्ठ अधिकारी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- दिवाली को लेकर बाजार हुए गुलजार, खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़; जानिए लोगों को क्‍या भा रहा इस बार

डीजीपी के खिलाफ शिकायत को लेकर सीएम लेंगे सुमोटो

सुक्खू ने हिमाचल पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के खिलाफ शिकायत को लेकर कहा कि पहले कारोबारी की शिकायत को वेरीफाई किया जाएगा। इस मामले में कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी। कानून तोड़ने का अधिकार किसी को भी नहीं है। कोई भी व्यक्ति कोर्ट से शिकायत कर सकता है।

इसलिए आरोपों की जांच जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय ने डीजीपी मामले में सुमोटो लिया है। सरकार इसका जवाब देगी। इस तरह के आरोपों की जांच जरूरी होती है। उसके बाद ही कार्रवाई की जा सकती है।

नोएडा के कारोबारी ने दर्ज कराई डीजीपी के खिलाफ शिकायत

नोएडा के कारोबारी व कांगड़ा जिले से संबंध रखने वाले निशांत शर्मा ने डीजीपी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शिमला को एक ईमेल के जरिए शिकायत दी है। इसमें निशांत शर्मा ने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताया है। साथ ही एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। हिमाचल हाईकोर्ट ने कारोबारी निशांत द्वारा कोर्ट को लिखी गई ईमेल पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक शिमला व कांगड़ा से स्टेटस रिपोर्ट तलब करते हुए सवाल किया है।

हाइकोर्ट ने पूछा कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। जबकि प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने भी छोटा शिमला थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज करवाई हुई है। जिसमें कारोबारी निशांत पर ईमेल में अभद्र भाषा का इस्तेमाल और उनकी छवि खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें- 'कांग्रेस की गारंटियां बुरी तरह फेल', अनुराग ठाकुर ने राजनीतिक दलों पर साधा निशाना; दिल्‍ली के CM के लिए कही यह बात