Move to Jagran APP

प्रियंका गांधी के नामांकन में शामिल हुए CM सुक्खू, कहा- चुनावी राजनीति में उतरना अच्छी बात

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नामांकन में भाग लिया। प्रियंका ने वायनाड सीट से लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वहां कहा कि यह अच्छी बात है कि संगठन की राजनीति के बाद प्रियंका गांधी अब चुनावी राजनीति में उतर रही हैं।

By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Thu, 24 Oct 2024 01:11 PM (IST)
Hero Image
प्रियंका गांधी के नामांकन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नामांकन में शामिल हुए। प्रियंका ने वायनाड सीट से लोकसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को नामांकन किया। मंगलवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली गए थे।

बुधवार को वह वायनाड पहुंचे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वहां कहा कि यह अच्छी बात है कि संगठन की राजनीति के बाद प्रियंका चुनावी राजनीति (इलेक्टोरल पॉलिटिक्स) में उतर रही हैं। मुख्यमंत्री ने वायनाड में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं से भेंट की। दोपहर बाद वह दिल्ली लौट आए।

कल शिमला लौटेंगे सीएम सुक्खू 

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को मुख्यमंत्री दिल्ली में रुकेंगे और शुक्रवार को शिमला लौट सकते हैं। राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़े थे। दोनों सीटों पर उन्होंने जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी, जिस कारण वहां उपचुनाव हो रहा है।

यह भी पढ़ें- खुशखबरी! हिमाचल में अब कमर्शियल गाड़ी बिना किसी परेशानी चलाएं, सरकार ने 3300 टैक्सियों सहित अन्य वाहनों के परमिट किए जारी

प्रियंका को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। हिमाचल में लोकसभा चुनाव में प्रचार की पूरी कमान प्रियंका के हाथ में थी। उस समय राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर थे। उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव के दौरान हिमाचल से कई नेताओं की ड्यूटी वायनाड में लगेगी।

सीएम सुक्खू गांव जाकर लोगों से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने और प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन का धरातल पर स्वयं आकलन करने के लिए पहल करेंगे। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्टूबर को शिमला के डोडरा क्वार से होगी।

शिमला जिले के इस दूरदराज क्षेत्र में मुख्यमंत्री लोगों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं कि वे ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करें और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।

मुख्यमंत्री के प्रवास को लेकर लोग उत्साहित

साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदेश सरकार की नीतियों और योजनाओं के बारे में संवाद करें। लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। डोडरा क्वार में क्वार मंदिर समिति के प्रधान शंकर चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस तरह की नवोन्मेषी पहल की है।

यह प्रयास गांव की तरक्की और विकास को नई दिशा देगा। हमारी समस्याओं का घर के द्वार पर ही निवारण होगा। क्वार निवासी नेकपति ने कहा कि यह हमारे लिए दीवाली का उपहार है। उपमंडलाधिकरी डोडरा क्वार धर्मेश ने कहा गांव के सभी लोग मुख्यमंत्री के प्रवास को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में दुकानों के बाहर नाम-पता लिखने के मामले में सरकार को नोटिस, सामाजिक तनाव पैदा होने की जताई गई आशंका

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।