Move to Jagran APP

7 जिलों में शीतलहर के साथ घनी धुंध पड़ने की चेतावनी, प्रदेश में 134 सड़कें बंद, 10 ट्रांसफार्मर अब भी खराब

Himachal Weather प्रदेश में सोमवार को रविवार की तुलना में धुंध कम पड़ने से लोगों को राहत मिली। हालांकि हिमपात के बाद 134 सड़कें यातायात के लिए अब भी बंद हैं। मौसम विभाग ने बताया कल से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ हिमपातवर्षा की संभावना भी जताई।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Tue, 17 Jan 2023 10:34 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल प्रदेश लाहुल स्पीति में ताजा हिमपात के बाद बर्फ की सपेद चादर ओढ़े चंद्रा घाटी।

शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में सोमवार को रविवार की तुलना में धुंध कम पड़ने से लोगों को राहत मिली। हालांकि, हिमपात के बाद 134 सड़कें यातायात के लिए अब भी बंद हैं। लाहुल स्पीति में 90, कुल्लू में 32, कांगड़ा व शिमला में दो-दो और चंबा में एक सड़क बंद है। कुछ मार्ग अन्य स्थानों में भी बंद हैं। चंबा व लाहुल स्पीति में चार-चार और कुल्लू में दो ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।

वहीं, अटल टनल रोहतांग बहाल होने के बावजूद सड़क पर फिसलन होने के कारण अभी फोर बाय फोर वाहन ही टनल पार कर लाहुल घाटी के सिस्सू जा सकेंगे। इसके लिए भी समय निर्धारित किया है। पर्यटक सुबह 10 से दोपहर बाद तीन बजे के बीच ही आर-पार जा सकेंगे, जबकि लाहुल, पांगी के लोग सुबह नौ से शाम पांच बजे तक आवागमन कर सकेंगे।

प्रदेश में एक से करीब चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज

मौसम विभाग ने मंगलवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिला में शीतलहर के साथ घनी धुंध पड़ने की चेतावनी जारी की है। 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा और इसका प्रभाव 23 जनवरी तक रहने का अनुमान है। इस दौरान प्रदेश के ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात व अन्य क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है।

सोमवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई, जबकि दोपहर बाद शिमला सहित कुछ स्थानों पर बादल छा गए। प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से करीब चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक गिरावट डलहौजी में 3.6, जबकि मनाली में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।