Himachal Monsoon: हिमाचल में चार दिनों के लिए आरेंज व येलो अलर्ट, 40 सड़कों के बाधित होने से यातायात प्रभावित
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में बारिश ने आफत के साथ दस्तक दी है। चार दिनों के लिए आंधी के साथ भारी बारिश का आरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। मानसून की पहली बारिश में चार मकानों तीन गौशालाओं को नुकसान होने के साथ रेलवे व्यवस्था ठप्प रही और 40 सड़कों के बंद होने के कारण यातायात प्रभावित है। भारी वर्षा के बावजूद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा अंतर नहीं आया है।
शिमला, राज्य ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश के साथ मानसून ने दस्तक दे दी और बरसात की पहली बारिश ने ही व्यवस्थाओं की सारी पोल खोल कर रख दी है। मानसून की पहली बारिश में चार मकानों, तीन गौशालाओं को नुकसान होने के साथ रेलवे व्यवस्था ठप्प रही और 40 सड़कों के बंद होने के कारण यातायात प्रभावित है।
जून माह में आज तक के उपलब्ध रिकार्ड के आधार पर चौबीस घंटों में कांगड़ा के पुराने सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए और चौबीस घंटों में आज तक की सबसे अधिक 143.5 मिलीमिटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पूर्व 11 जून 2021 को चौबीस घंटों में अससे पूर्व सबसे अधिक 107 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
पहली बारिश ने 15 करोड़ से अधिक का नुकसान किया है हालांकि इस नुकसान के और बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक प्रदेश के दा जिलों किन्नौर व लाहुल स्पीति को छोड़ आंधी व भारी वर्षा का आरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार देर रात से भारी वर्षा का क्रम जारी रहा। शनिवार सुबह चार बजे के बाद वर्षा और आसमानी बिजली के कड़कने से लोग घबरा गए। एक साथ आसमान में आवाजें होती रही और भारी वर्षा हुई। इस दौरान शिमला, कांगड़ा, मंडी, सोलन और बिलासपुर में सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
इसके कारण करीब 25 गाड़ियों को मलबे के कारण नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। आने वाले दिनों में ये नुकसान और ज्यादा बढ़ेगा। भारी वर्षा के बावजूद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा अंतर नहीं आया है और उमस भरी गर्मी रही।
पहली बार नमी 100 पहुंची
बरसात के पहले ही दिन नमी की मात्रा सौ प्रतिशत दर्ज की गई। इससे पूर्व 40 से 85 तक दर्ज की जा रही थी।
प्रदेश में 40 सड़कें बंद व 93 ट्रांसफार्मर खराब
प्रदेश में बंद 40 सड़कों में मंडी में 28,3 कुल्लू, सिरमौर, सोलन व चंबा में दो-दो, हमीरपुर, कांगड़ा व शिमला में एक-एक सड़क बंद है। सुबह प्रदेश में 90 से अधिक सड़कें बंद थी। बंद सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में 93 ट्रांसफार्मर खराब है जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। कई-कई गांव अंधेरे में हैं। चंबा मं 68 व मंडी में 25 ट्रांसफार्मर खराब हैं।
मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। इस बार मानसून के दौरान सामान्य वर्षा होने का अनुमान है। शनिवार को मानसून ने हिमाचल में दस्तक दी और पूरे प्रदेश में जमकर वर्षा हुई है। आगामी दिनों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। -सुरेंद्र पाल, निदेशक मौसम विभाग
सभी विभागों एडीआरएफ और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है। जान माल का नुकसान न हो इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की आपदा आने पर तुरंत एक्शन में आने और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। -ओंकार शर्मा, प्रधान सचिव राजस्व
चौबीस घंटों में कहां कितनी वर्षा
कांगड़ा,143.5
शिमला,99.2
सुंदरनगर,70
मंडी,58.4
धौलाकुआं,48.5
सोलन,44.2
नाहन,38.6
स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 17.7 26.0
सुंदरनगर 21.6 32.2
भुंतर 21.3 34.6
कल्पा 15.6 23.7
धर्मशाला 19.4 29.0
ऊना 26.5 36.7
नाहन 22.8 30.6
केलंग 12.9 26.6
सोलन 19.8 27.0