Move to Jagran APP

Himachal News: पेपर लीक मामले में भाजपा नेता व अधिकारी भी संदेह के घेरे में

हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए) भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में पूर्व भाजपा सरकार के अधिकारी व नेता भी संदेह के घेरे में हैं। मामले में किसी की भी संलिप्तता पाई गई तो छोड़ेंगे नहीं।

By Jagran NewsEdited By: Nidhi VinodiyaUpdated: Wed, 28 Dec 2022 09:11 AM (IST)
Hero Image
पेपर लीक मामले में भाजपा नेता व अधिकारी भी संदेह के घेरे में

शिमला, राज्य ब्यूरो : हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए) भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में पूर्व भाजपा सरकार के अधिकारी व नेता भी संदेह के घेरे में हैं। मामले में किसी की भी संलिप्तता पाई गई तो छोड़ेंगे नहीं। आयोग के कामकाज को निलंबित करने के बाद मंगलवार को शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चेतावनी दी कि कुछ दिन में सनसनीखेज खुलासे होंगे और हमारी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में गंभीरता से निपटेगी।

हिमाचल में 14 लाख युवाओं के भविष्य के साथ धोखा - सुक्खू 

राज्य अतिथिगृह पीटरहाफ में पहली बार पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 60 दिन में भर्ती परीक्षाओं के लिए पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध होगी। पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश के 14 लाख युवाओं के भविष्य के साथ धोखा किया। पांच साल तक भर्तियों में भ्रष्टाचार होता रहा और भाजपा सरकार आंखें मूंद कर बैठी रही। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष के दौरान हुई भर्तियों की जांच होगी। जिन भर्ती परीक्षाओं के परिणाम आ चुके हैं, उन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करवाया जाएगा। पिछली भाजपा सरकार में 2019 में पुलिस भर्ती घोटाला सामने आया था, उसके बाद भी सरकार जागी नहीं। फिर से पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा का पेपर लीक हुआ था।

भाजपा सरकार में अयोग्य लोगों को मिली थी नौकरी 

सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय में अयोग्य लोग सरकारी नौकरियों में आते रहे, लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। लाखों युवा सरकारी नौकरी के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और पेपर लीक करने के घोटालों के कारण योग्य युवा नौकरी के अधिकार से वंचित हुए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले की जांच एसआइटी ने शुरू कर दी है और 60 दिन में सरकार पारदर्शी परीक्षाएं आयोजित करने की व्यवस्था होगी। इसके लिए एक पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया विकसित होगी ताकि भर्तियों में किसी तरह का प्रश्न न उठ सके। संबंिधत समाचार ´पेज 3

ड्रग और खनन माफिया के खिलाफ जांच शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ड्रग और खनन माफिया के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पिछली सरकार में अन्य कई तरह के माफिया सक्रिय थे, सबकी जांच होगी, इसके लिए पुलिस को निर्देश दिए हैं। ऐसे माफिया से जुड़े लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार, कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर व अनिरुद्ध सिंह भी उपस्थित थे।

Himachal Pradesh: हिमाचल सरकार की पर्यटकों को सौगात, 2 जनवरी तक दिन-रात खुले रहेंगे ढाबे और रेस्तरां

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।