Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: तैयारियों में जुटी हिमाचल सरकार, शीर्ष नेतृत्व के सामने चौथी गारंटी की होगी घोषणा

सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर चौथी गारंटी की घोषणा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने करेगा। चार राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठे थे। सरकार सभी आरोपों का जवाब गारंटियों को पूरा करके देगी। प्रदेश की जनता को आश्वस्त करवाया जाएगा कि कांग्रेस ने जो वादे चुनावों में किए थे उन्हें अक्षरश लागू किया जाएगा।

By Anil ThakurEdited By: Nidhi VinodiyaUpdated: Mon, 04 Dec 2023 08:23 PM (IST)
Hero Image
शीर्ष नेतृत्व के सामने चौथी गारंटी की होगी घोषणा

जागरण संवाददाता, शिमला। व्यवस्था परिवर्तन का एक साल पूरा होने पर धर्मशाला के पुलिस मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद रैली के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में 10 गारंटियां दी थी। इनमें से 3 गारंटियों को पूरा कर दिया गया है। 

सूत्रों की माने तो सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर चौथी गारंटी की घोषणा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने करेगा। चार राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठे थे। सरकार सभी आरोपों का जवाब गारंटियों को पूरा करके देगी। प्रदेश की जनता को आश्वस्त करवाया जाएगा कि कांग्रेस ने जो वादे चुनावों में किए थे उन्हें अक्षरश: लागू किया जाएगा। इस रैली को सफल बनाने का जिम्मा कांगड़ा के विधायकों पर है।

11:30 बजे शुरू होगी रैली, विधायकों पर रहेगा लोगों को ले जाने का जिम्मा

व्यवस्था परिवर्तन का एक साल पूर्ण होने पर होने वाली रैली पुलिस मैदान धर्मशाला में होगी। यह रैली सुबह 11:30 बजे शुरू होगी। दोपहर 2:30 बजे तक रैली चलेगी। प्रदेशभर से लोग इस रैली में भाग लेने के लिए जाएंगे। लोगों को लाने का जिम्मा विधायकों पर रहेगा। बसों व गाड़ियों में ले जाने से लेकर खाने पीने की व्यवस्था विधायक करेंगे। विधायकों ने जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ बैठक कर इसका खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। लोगों को कैसे रैली में ले जाना है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है।

नाराज कांगड़ा को खुश करने की तैयारी, रैली के बाद मिलेगा तोहफा

सुक्खू सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होने वाला है। सूत्रों की माने तो मंत्रिमंडल गठन में कांगड़ा से केवल एक ही मंत्री बनाया गया था। इससे कांगड़ा के विधायक व जनता को मायूसी हाथ लगी थी। इस नाराजगी को सरकार दूर करने की तैयारी है। सुक्खू सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में कांगड़ा के विधायकों की लॉटरी लग सकती है। कांगड़ा को मंत्रिपद मिलना तय है। चूंकि कैबिनेट में तीन पद खाली है। ऐसे में दो मंत्री कांगड़ा से बनाए जा सकते हैं। वहीं बोर्ड व निगमों में भी कांगड़ा से संबंध रखने वाले नेताओं की ताजपोशी हो सकती है।

तैयारियों की बैठक का मुझे कोई न्योता नहीं: प्रतिभा सिंह

कांग्रेस की राज्य अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि रैली की तैयारियों को लेकर हुई बैठक का मुझे कोई न्योता नहीं था। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर काम कर रही है। रैली के बाद सरकार के विस्तार का काम किया जाना है। आपदा के दौरान काफी काम रुके हैं. इसमें तेजी लाने के लिए सरकार की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।