Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Election 2022: हिमाचल में भाजपा स्टार प्रचारकों ने की 249 रैलियां, कांग्रेस आधे पर सिमटी

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का शोर थम गया है। दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा व कांग्रेस में जमकर स्टार वार हुआ। दोनों दलों के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेशभर में प्रचार किया और विरोधियों को घेरा। इसमें कांग्रेस के मुकाबले भाजपा कहीं आगे रही।

By Virender KumarEdited By: Updated: Thu, 10 Nov 2022 09:21 PM (IST)
Hero Image
Himachal Election 2022: हिमाचल में भाजपा स्टार प्रचारकों ने कांग्रेस से दोगुनी रैलियां की ।

शिमला, रोहित नागपाल। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का शोर थम गया है। दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा व कांग्रेस में जमकर स्टार वार हुआ। दोनों दलों के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेशभर में प्रचार किया और विरोधियों को घेरा। इसमें कांग्रेस के मुकाबले भाजपा कहीं आगे रही। भाजपा नेताओं ने 249 तो कांग्रेस की ओर से 130 रैलियां हुईं। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति इरानी, अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मोर्चा संभाला। इनके अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने 127 रैलियां हिमाचल में की हैं। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने प्रदेश में चार रैलियों को संबोधित किया।

जयराम ठाकुर ने 34 रैलियां की

भाजपा के स्टार प्रचारकों में सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 34 रैलियां की। जेपी नड्डा ने 20 रैलियों को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने 16 जनसभाओं को संबोधित किया है। अमित शाह ने 11, राजनाथ सिंह ने पांच, नितिन गडकरी ने तीन व स्मृति इरानी ने नौ रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस की ओर से सबसे ज्यादा चुनावी रैलियों को प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने 40 रैलियों को संबोधित किया। इनके अलावा सचिन पायलट ने 15, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छह और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने 30 चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

15 साल बाद चुनाव प्रचार में नहीं आए राहुल गांधी

15 साल के बाद हिमाचल में कोई ऐसा चुनाव हुआ है, जिसमें प्रचार के लिए राहुल गांधी नहीं आए हैं। हालांकि, उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में था। सोनिया गांधी भी 1998 से लेकर 2017 के हर चुनाव में हिमाचल में सक्रिय दिखीं, लेकिन इस बार वह भी प्रचार के लिए नहीं आईं। पार्टी के स्टार प्रचारकों ने 120 जनसभाएं की हैं। प्रियंका ने पांच रैलियां की। एक रैली सोलन में चुनाव की घोषणा से पहले हो गई थी। भूपेश बघेल प्रियंका गांधी वाड्रा की हर रैली में भी मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल ने चुनाव प्रबंधन का जिम्मा संभाला। इसके अलावा उन्होंने रैलियों में भी भाग लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिमला ग्रामीण के बनूटी व नालागढ़ के पंजेहरा में दो रैलियां की। इनके अलावा सह प्रभारी संजय दत्त, गुरकीरत सिंह कोटली, तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने चुनावी जनसभाएं संबोधित की।

केजरीवाल का हुआ सिर्फ एक रोड शो

विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 67 सीट पर चुनाव लड़ा और छोटे दलों में शामिल माकपा ने 11 व भाकपा ने एक सीट पर प्रत्याशी उतारा। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोलन शहर में रोड शो किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कोई चुनावी सभा नहीं की। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पालमपुर व घुमारवीं में चुनावी सभा की। कांगड़ा के फतेहपुर में राज्यसभा सदस्य एवं आप प्रवक्ता संजय सिंह आए। उधर, प्रदेश की माकपा के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी के अतिरिक्त वृंदा करात, सुभाषिनी अली पहुंची।

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: निर्मला सीतारमण बोलीं- NPS में लोगों का पैसा, राज्य सरकारों को नहीं दे सकते वापस

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: योगी ने हिमाचल में झोंकी ताकत, बोले, मैं अयोध्‍या की धरती से आपको प्रणाम करने आया

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें