Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal Election 2022: चुनाव की जिम्मेदारी निभाकर लौटे केंद्रीय नेता, पार्टी कार्यकर्ताओं से ले रहे फीडबैक

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। ईवीएम के स्ट्रांग रूम में पहुंचने के बाद कांग्रेस व भाजपा दलों के दिग्गज नेताओं सहित चुनावी डयूटी देने हिमाचल आए केंद्रीय नेता लौट गए हैं।

By Jagran NewsEdited By: Virender KumarUpdated: Sun, 13 Nov 2022 06:50 PM (IST)
Hero Image
Himachal Election 2022: चुनाव की जिम्मेदारी निभाकर लौटे केंद्रीय नेता।

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। ईवीएम के स्ट्रांग रूम में पहुंचने के बाद कांग्रेस व भाजपा दलों के दिग्गज नेताओं सहित चुनावी डयूटी देने हिमाचल आए केंद्रीय नेता लौट गए हैं। दोनों ही दलों के नेता चुनाव की घोषणा के बाद से हिमाचल में डटे थे। 28 दिन तक हिमाचल में चुनावी शोरगुल चला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर चुनाव तक हिमाचल में ही थे। इसके अलावा पार्टी की तरफ से चुनावी प्रचार, मीडिया विभाग और विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी कई नेता आए हुए थे।

दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता भी लौट गए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, सह प्रभारी संजय दत्त, तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू और गुरकीरत कोटली पिछले तीन महीनों से हिमाचल में ही डटे थे। हाईकमान की तरफ से हिमाचल में चुनावी जिम्मेदारी संभालने के लिए भेजे गए इन नेताओं ने अपनी-अपनी रिपोर्ट भी तैयार की है। इसे हाईकमान को सौंपा जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार रात समेला मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद रविवार सुबह दिल्ली चले गए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी दिल्ली होते हुए मुंबई चले गए हैं जहां उनका शाम को एक कार्यक्रम है।

अब हार-जीत की गणना में हुए व्यस्त

केंद्रीय नेता वापस चले गए हैं। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी मतदान के बाद अब जीत-हार का आकलन करने में जुट गए हैं। चुनाव का परिणाम 8 दिसंबर को आना है। कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दल जीत का दावा कर रहे हैं। दोनों ही दलों ने जिलों से पूरी रिपोर्ट मंगवाई है। किस पंचायत से किसको कितने वोट मिली, किस पोलिंग बूथ पर बढ़त है इसका आकलन कर अपने स्तर पर पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पूरी रिपोर्ट प्रत्याशियों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी। मतदान से पहले जहां प्रत्याशी मतदाताओं को मनाकर अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए मेहनत करते रहे। वहीं अब मतदान होने के बाद उन्होंने केंद्रों पर डाले गए वोटों के रिकार्ड मंगवाने शुरू कर दिए हैं।

लौटने से पहले नड्डा ने पुराने मित्रों से की गपशप, चाय भी पी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद रविवार को वापस दिल्ली लौट गए हैं। कई दिन तक प्रदेश व जिला की जनता के बीच रहने के बाद उन्होंने अपने पुराने मित्रों व कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्कियां ली और हेलीकाप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जेपी नड्डा ने लुहणू मैदान बिलासपुर से करीब 12 बजे उड़ान भरी। इस दौरान जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशियों ने उनका आभार व्यक्त किया और गुजरात व दिल्ली के चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी। रविवार को अपने घर विजयपुर से दिल्ली जाने से पहले उन्होंने शनिवार रात को समैला मंदिर में पूजा अर्चना भी की। सुबह रविवार को उन्होंने दिल्ली के लिए तैयारी की और नाश्ते के बाद घर पर पहुंचे कुछ लोगों के साथ बातचीत करने के बाद कार्यकर्ताओं व प्रत्याशियों के साथ बिलासपुर की तरफ निकले। इस दौरान वह रास्ते में भगेड़ में रुके। यहां कुछ स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उनका काफिला कंदरौर में रुका और यहां अपने पुराने दिनों की यादों को ताजा करते हुए अपने पुराने सहयोगियों के साथ चाय की चुस्कियां लीं और कुछ देर तक गपशप लगाई। ज्ञात हो कि कंदरौर में स्कूल के अपग्रेडेशन को लेकर एक बहुत बड़ा आंदोलन चला था और उसी आंदोलन से जेपी नड्डा को एक पहचान मिली थी। उस समय नड्डा का ठिकाना यही चाय की दुकान होती थी, जिस पर रविवार को बैठकर उन्होंने चाय की चुस्कियां ली और उस समय के अपने पुराने साथियों से भी मिले।

हिमाचल में बन रही भाजपा की सरकार : नड्डा

जेपी नड्डा ने बिलासपुर में हेलीकाप्टर में बैठने से पहले महिला भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट की और उन्हें चुनाव में डट कर कार्य करने के लिए बधाई भी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निश्चित रूप से हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार का गठन होने जा रहा है और आप सबकी मेहनत काम आएगी। इसके उपरांत नड्डा ने हेलीपैड मैदान में मौजूद प्रत्येक कार्यकर्ता से मुलाकात की और तमाम कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, जीतराम कटवाल, राजिंद्र गर्ग, त्रिलोक जम्वाल, रणधीर शर्मा, स्वदेश ठाकुर व सोनल शर्मा भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: हिमाचल विधानसभा चुनाव के मतदान में दून नंबर-1, इतने प्रतिशत लोगों ने डाला वोट

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले- असंतुष्टों ने बढ़ाई मुश्किलें पर सरकार भाजपा ही बनाएगी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें