Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी CM; कल होगा शपथ ग्रहण

Himachal Pradesh कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे और मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम की जिम्मदारी मिली है। बता दें कि राजभवन की ओर से जानकारी दी गई कि शपथ ग्रहण समारोह कल 1.30 बजे होगा।

By Jagran NewsEdited By: Devshanker ChovdharyUpdated: Sat, 10 Dec 2022 08:37 PM (IST)
Hero Image
हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी CM; कल होगा शपथ ग्रहण।

शिमला, जेएनएन। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे और मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम की जिम्मदारी मिली है। राजभवन की ओर से जानकारी दी गई कि शपथ ग्रहण समारोह रविवार को यानी कि कल 1.30 बजे होगा। कल शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाने का निर्णय लिया गया। बता दें कि राज्य में पहली  बार डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इसके साथ ही, भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रतिभा सिंह और मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्यपाल से मुलाकात की।

सुक्खू ने पार्टी और जनता को दिया धन्यवाद

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, 'मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है।' उन्होंने कहा, 'डिप्टी सीएम के रूप में चुने गए मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करेंगे। मैंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।' सुक्खू को सीएम बनाए जाने पर उनके समर्थक खूब जश्न मना रहे हैं।

सुक्खू मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम होंगे 

भूपेश बघेल ने बताया कि हाईकमान ने आज सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस विधायक दल के नेता यानी मुख्यमंत्री के रूप में चयन किया है और उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को चुना है। कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि सर्वसम्मति से सारे विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है। कल उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को चुना गया है। ये आलाकमान का निर्णय है।

प्रतिभा सिंह आलाकमान के फैसले से खुश

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए निर्णय को स्वीकार करते हैं। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कल सुखविंदर सिंह सुक्खू शपथ लेंगे और सूचारू रूप से सरकार चलाएंगे। कल शपथ समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे आएंगे। सभी विधायकों को भी निमंत्रित किया गया है।

कांग्रेस महासचिव और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने जो निर्णय लिया है उसका सम्मान करते हैं। पार्टी के फैसले को लेकर कोई भी मायूसी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है और एकजुट रहेगी।

आलाकमान पर छोड़ा गया था फैसला

बता दें कि हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। 

ये भी पढ़ें: Fact Check: नासा ने नहीं माना कि सूर्यग्रहण की सटीक जानकारी भारतीय पंचांग से मिलती है, व्यंग्य को सच मान रहे यूजर्स

ये भी पढ़ें: मलेरिया से पिछले साल दुनिया में 6.2 लाख लोगों की मौत, जलवायु परिवर्तन से बन रहा मच्छरों के अनुकूल माहौल

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर