Move to Jagran APP

शाम 6 बजे के बाद गुल हुई बिजली तो अगले दिन ही मिलेगी, बिजली बोर्ड में 51 पद खत्म; नाराज कर्मचारियों ने किया एलान

हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड (Himachal Pradesh State Electricity Board) ने शुक्रवार को बोर्ड में तकनीकी अधिकारियों के 51 पद खत्म कर दिए हैं। इस फैसले के विरोध में बोर्ड के कर्मचारियों ने वर्क टू रूल लागू कर दिया है जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। कर्मचारी सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ही काम करेंगे और उसके बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर लेंगे।

By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Sat, 19 Oct 2024 12:49 PM (IST)
Hero Image
बिजली बोर्ड में इंजीनियरों के 51 पद खत्म होने से कर्मचारियों में रोष।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड प्रबंधन ने शुक्रवार को बोर्ड में तकनीकी अधिकारियों के 51 पद खत्म कर दिए हैं। इसके विरोध में बोर्ड के कर्मचारियों ने वर्क टू रूल लागू कर दिया है, यानी कर्मचारी दायित्व से अधिक कार्य नहीं करेंगे।

बिजली बोर्ड के इस फैसले से कर्मचारियों में काफी ज्यादा रोष है। जिसका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बिजली बोर्ड के इस फैसले के बाद से कई तरह की चेतावनी दी है।

कर्मचारी सुबह नौ से सायं छह बजे तक ही काम करेंगे। इसके बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर लेंगे। इसके बाद यदि प्रदेश में कहीं बिजली की समस्या आती है तो उसे अगले दिन सुबह नौ बजे के बाद ही ठीक किया जाएगा।

पद खत्म करने के फैसले से कर्मचारियों में रोष

इसके अलावा कर्मचारियों ने वॉट्सऐप पर आने वाले संदेश पर भी काम न करने का निर्णय किया है। अधिकारियों को लिखित तौर पर नियमों के हिसाब से फाइल पर आदेश देना होगा। लिखित आदेश आने पर ही दायित्व का समय पर पालन किया जाएगा।

यह भी पढे़ें- '5 लाख नौकरी देने के नाम पर आए थे सत्ता में, अब छीन रहे रोजगार'; सुक्खू सरकार पर जयराम ठाकुर का हमला

राज्य बिजली बोर्ड यूनियन के कर्मचारियों और इंजीनियरों के संयुक्त मोर्चा ने यह निर्णय किया है। मोर्चा के समन्वयक लोकेश ठाकुर और सह समवन्यक हीरा लाल वर्मा ने कहा कि बोर्ड में वर्क टू रूल के तहत ही काम होगा। शनिवार से बोर्ड के कर्मचारी इसके तहत ही काम करेंगे। पद खत्म करने के फैसले पर कर्मचारियों में रोष है।

इन पदों को किया है खत्म

राज्य बिजली बोर्ड ने छह डिवीजन को बदला है। वहीं, सात पद अधीक्षण अभियंता के खत्म किए हैं। इन पदों पर कार्यरत अधिकारियों को दूसरे स्थान पर भेजा है। छह पद वर्क व कामर्शियल इंजीनियर के भी खत्म कर दिए हैं।

इनमें शिमला, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर व सुंदरनगर जोन के अधिकारी शामिल हैं। सहायक अभियंताओं के 38 पद खत्म किए हैं। इनमें शिमला जोन के नौ, कांगड़ा जोन के 10, मंडी जोन के सात, हमीरपुर जोन के छह, जेनरेशन विंग के चार व उड़नदस्ते विंग के दो पद शामिल हैं।

इन सभी सहायक अभियंताओं को नए स्थान पर तैनाती दी है। इनके तबादला आदेश भी जारी कर दिए हैं। राज्य बिजली बोर्ड के कार्यकारी निदेशक कार्मिक की ओर से इन पदों को खत्म करने के निर्देश जारी किए हैं। 

यह भी पढे़ें- Himachal Holidays 2025: हिमाचल सरकार ने जारी किया छुट्टियों का कैलेंडर, जानिए कब-कब बंद रहेंगे दफ्तर और स्कूल?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।