Move to Jagran APP

हिमाचल में बदलेगा मौसम, IMD ने बर्फबारी और बारिश की जताई संभावना; इस जगह माइनस में पहुंचा पारा

Himachal Weather News हिमाचल प्रदेश में जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इससे सूखी ठंड से लोगों को राहत मिलेगी और ग्लेशियर भी रिचार्ज होंगे।

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sun, 27 Oct 2024 09:06 AM (IST)
Hero Image
29 अक्टूबर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, वर्षा-हिमपात की संभावना
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में लोगों को जल्द ही सूखी ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसका प्रभाव प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों चंबा, लाहुल-स्पीति और कांगड़ा जिला में ही देखने को मिलेगा।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण इन जिलों की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात होने की पूरी संभावना है। इसका प्रभाव प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना

प्रदेश में सर्दी के दस्तक देने का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग की इस भविष्यवाणी से लोगों ने काफी राहत की सांस ली है। इससे लोगों को सूखी ठंड से राहत तो मिलेगी साथ ही हिमपात से ग्लेशियर भी रिचार्ज होंगे। प्रदेश में 28 दिन से चल रहा ड्राई स्पैल का चक्कर टूटेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आने से राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से भारी वर्षा होने की संभावना है।

शुष्क ठंड से बीमार पड़ रहे लोग

वर्षा न होने की वजह से दिन को जहां तेज धूप खिल रही है। वहीं, रातें काफी ठंडी होने लगी है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। इससे लोगों को शुष्क ठंड का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोग बीमार भी पड़ रहे है।

29 अक्टूबर को मौसम के करवट बदलने से वातावरण में खोई हुई नमी वापस लौट आएगी। आज शनिवार को प्रदेश भर में सभी जगह मौसम साफ बना रहा। दिन भर खिली तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर न्यूनतम अधिकतम
शिमला 13.0 23.4
सुंदरनगर 10.0 31.2
भुंतर 8.5 31.0
कल्पा 6.8 21.8
धर्मशाला 15.1 25.2
ऊना 11.4 34.0
नाहन 17.9 31.3
केलंग 3.0 20.8
पालमपुर 11.5 -
सोलन 9.4 29.5
मनाली 7.7 22.4
कांगड़ा 13.0 30.5
मंडी 12.2 28.7
बिलासपुर 13.6 32.1
हमीरपुर 13.0 -
चंबा 11.7 30.5
डलहौजी 17.3 -
कुफरी 12.3 17.7

ये हैं 11 स्थान, जहां पर तापमान 30 पार रहा

प्रदेश के 11 स्थानों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। ऊना में सर्वाधिक 34.0 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर में 31.2, भुंतर में 31.0, नाहन में 31.3, बिलासपुर में 32.1, चंबा में 30.5, धौलाकुंआ में 30.9, नेरी में 31.5 व बजौरा में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

यह भी पढ़ें- 174 लोगों ने गंवाई जान, 1613 करोड़ का नुकसान; मानसून की तबाही से त्रस्त हिमाचल ने केंद्र से मांगी मदद

ताबो में न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ

प्रदेश के जनजातीय लाहुल-स्पीति के तहत आने वाले ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस -2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि अन्य स्थानों में न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच में चल रहा है।

यह भी पढ़ें- 'हिमाचल में पल-पल चल रही पलटूराम की सरकार', नौकरियों को लेकर जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर निशाना

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।