Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

80 लोगों की मौत, 100 मकान ध्वस्त, 1300 सड़कें बंद और 1050 करोड़ का नुकसान... हिमाचल में बाढ़ ने मचाई तबाही

Himachal Weather Report मानसून की बारिश हिमाचल में कहर बरपा रही है। बाढ़ से अभी तक हिमाचल प्रदेश में 80 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी तक मानसून 100 मकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर चुकी है। जबकि 350 मकानों को नुकसान हुआ है। अभी तक मानसून से हुए 1050 करोड़ के नुकसान का आकलन कर लिया गया।

By Jagran NewsEdited By: Preeti GuptaUpdated: Wed, 12 Jul 2023 01:08 PM (IST)
Hero Image
Himachal Weather Update: 80 की मौत और 1050 करोड़ का नुकसान...हिमाचल में बाढ़ ने मचाई तबाही

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Weather Report: मानसून की बारिश हिमाचल में कहर बरपा रही है। बाढ़ से अभी तक हिमाचल प्रदेश में 80 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें सड़क हादसों के कारण होने वाली मौतें भी शामिल हैं। वहीं, 470 पालतू पशुओं की मौत हुई है। अभी तक मानसून 100 मकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर चुकी है। जबकि, 350 मकानों को नुकसान हुआ है।

दस लोग अभी भी लापता

दस लोग अभी भी लापता हैं जिनका पता लगाया जा रहा है। वहीं, नौ सौ लोग फंसे हुए हैं जिन्हें निकाला जा रहा है। चंद्रताल से सेना के हेलीकॉप्टर से बीमार और बुजुर्ग पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। चंद्रताल में 350 के करीब लोग फंसे हुए हैं। अभी तक 1050 करोड़ के नुकसान का आकलन कर लिया गया है जबकि नुकसान को चार हजार करोड़ तक बताया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारी व कर्मचारी आकलन कर रहे हैं।

1299 सड़कें यातायात के लिए बंद

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिन यानी शुक्रवार तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है। शनिवार 15 जुलाई से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान है। इससे बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में तीन एनएच सहित 1299 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।

फंसे लोगों को निकालने का हो रहा प्रयास

शुक्रवार को प्रदेश में सुंदरनगर सहित दो तीन स्थानों पर वर्षा हुई। जबकि अधिकतर स्थ्राानों पर बादल छाए रहे। आगामी दिनों में मौसम के साफ रहने से राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी। वर्षा से हुए नुकसान का आलकन किया जा रहा है। अभी तक मानसून में 80 लोगों की मौत हो गई है। जो पर्यटक व अन्य लोग फंसे हैं उन्हें निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

2181 पेयजल की योजनाएं बहाल

प्रदेश में 2181 पेयजल योजनाओं को बहाल कर दिया है। अभी भी 1500 के करीब पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। इन्हें बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दो हजार से अधिक ट्रांसफार्मर अभी भी खराब हैं और उन्हें ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रदेश में आज कहां कितनी बारिश

प्रदेश में मंगलवार को रोहडू में सात, कोटखाई चार मिलीमीटर, सुंदरनगर में चार मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बीते चौबीस घंटों के दौरान नाहन में सबसे अधिक 256 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बादलों और धूप के बीच अधिकतम तापमान में तीन से नौ डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। सुंदरनगर में 9.6, मंडी व ऊना में 9.4, डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें