Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कौल सिंह बोले वरिष्ठता, अनुभव और परिपक्कवता में मेरे मुकाबले में कोई नहीं

हिमाचल में विधानसभा चुनावों से पहले ही कांग्रेस नेताओं की दिल्ली दौरे शुरू हो गए हैं। या यूं कहे कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर लाबिंग शुरू हो गई है। कौल सिंह ठाकुर ने बीते रोज दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे से मुलाकात की।

By Anil ThakurEdited By: Richa RanaUpdated: Wed, 23 Nov 2022 09:00 PM (IST)
Hero Image
कौल सिंह ठाकुर ने बीते रोज दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे से मुलाकात की।

शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल में विधानसभा चुनावों से पहले ही कांग्रेस नेताओं की दिल्ली दौरे शुरू हो गए हैं। या यूं कहे कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर लाबिंग शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बीते रोज दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे से मुलाकात की। बुधवार को दिल्ली में निजी चैनल से बातचीत में कौल सिंह ठाकुर ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि यदि राजनीति में वरिष्ठता, अनुभव व परिपक्कवता में देखे तो मेरे मुकाबले कोई भी शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह रिवायत है कि चुनाव जीतने के बाद हाईकमान पर्यवेक्षक भेजता है। विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक सभी की राय जानते हैं और हाईकमान को सौंपते हैं। इसके आधार पर मुख्यमंत्री का चयन होता है। उन्होंने कहा कि हाईकमान जो भी निर्णय लेगा वह स्वीकार होगा।

मल्‍लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के दौरा कौल सिंह ठाकुर ने चुनावों की रिपोर्ट सौंपी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे से मुलाकात के दौरा कौल सिंह ठाकुर ने चुनावों की रिपोर्ट सौंपी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में एकजुट होकर चुनाव लड़ा और 45 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। कौल सिंह ने कहा कि निश्चित तौर पर वे नवीं बार विधानसभा के अंदर प्रवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि जो पहली बार विधायक बनता है, वह भी मंत्री बनना चाहता है और दूसरी-तीसरी बार बनता है तो वह मुख्यमंत्री बनना चाहता है। मैं तो नौंवी बार जीत रहा हूं। सीएम जयराम के रिवाज बदलने के दावे पर कौल सिंह ने कहा कि जयराम को बोलने दीजिए। इस बार सरकार कांग्रेस की आ रही है। चुनाव के बाद सीएम कहेंगे कि हमें तो अपनों ने लूटा गैरों में कहां दम था मेरी कश्ती वहां डूबी जहां पानी कम था।

सुक्खू का समर्थकों के साथ शुक्ला के साथ डिनर, राजनीतिक गलियारों में चर्चा

कांग्रेस प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ मुलाकात की। इस दौरान सुक्खू के साथ हर्ष वधर्न चौहान, रोहित ठाकुर व सोहन लाल शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक शुक्ला के साथ सुक्खू व उनके समर्थकों का डीनर था। इस डीनर को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा है। मुख्यमंत्री की रेस में सुक्खू सबसे आगे हैं। ऐसे में इस डीनर को लेकर कई तरह की चर्चाओं के साथ जोड़ा जा रहा है।

कौन कौन मिल चुके हैं दिल्ली में

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, रोहित ठाकुर, सोहन लाल, हर्ष वर्धन चाहैान, रामलाल ठाकुर सहित कई नेता दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात कर चुके हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें