Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Landslide in Himachal: बारिश रुकते ही बढ़ गया भूस्खलन का खतरा, 53 सड़कों पर बाधित रहा यातायात

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से कई सड़कें बंद हैं। शिमला में सबसे ज्यादा 27 सड़कें प्रभावित हैं। वहीं भूस्खलन से सोलन और सिरमौर में दो मकान और तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हिमपात भी हो सकता है।

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 17 Sep 2024 11:10 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल प्रदेश में बारिश थमते ही होने लगा भूस्खलन (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में वर्षा का क्रम थमते ही कई स्थानों पर भूस्खलन होने का खतरा बढ़ गया है। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन से चल अचल संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन की घटनाओं के कारण प्रदेश में 53 सड़कों पर यातायात बाधित रहा। शिमला में सबसे ज्यादा 27 सड़कें ठप्प हैं। मंडी और कुल्लू में 7-7 सड़कों पर यातायात प्रभावित है।

भूस्खलन होने से दो मकान क्षतिग्रस्त

सोलन और सिरमौर जिला में भूस्खलन होने से दो मकानों और तीन गाडियां क्षतिग्रस्त हुई। इसी तरह शिमला-परवाणू फोरलेन पर कुमारहट्टी के पास डंगे सहित पहाड़ से मलबा सड़क पर आ गया। परिणामस्वरूप इस स्थान पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पांच पर कुमारहट्टी-सोलन बाईपास पर 35 फीट ऊंचा डंगा गिरने से एक लेन पूरी तरह से बाधित रही।

18 सितंबर को बारिश का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। इससे तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान में राज्य में 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हिमपात भी हो सकती है। विभाग की ओर से 18 सितंबर को वर्षा और अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

बीते 24 घंटों के दौरान मानसून काफी सक्रिय रहा

इस बीच राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान मानसून काफी सक्रिय रहा और कई स्थान पर भारी वर्षा हुई। बिलासपुर में इस दौरान सबसे ज्यादा 101 मिमी, कुफरी में 35, कसौली में 28, नेरी में 27, करसोग व गोहर में 24-24 मिमी वर्षा हुई। वहीं सोमवार को शिमला सहित कई क्षेत्रों में दिन भर मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिली रही। शाम डलते ही आसमान बादलों से घिर गया।

यह भी पढ़ें- 'सोलन में रहना होगा तो जय श्री राम कहना होगा', हिंदुओं ने किया प्रदर्शन; शाम को मुस्लिमों ने खाली की दुकानें

1 से 16 सितंबर तक सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा हुई बारिश

प्रदेश में 1 से 16 सितंबर तक सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में 93.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 76, कांगड़ा 12, किन्नौर 78, कुल्लू 38, मंडी 79, शिमला 67, सिरमौर 65 व सोलन में 69 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। वहीं चंबा में सामान्य से 11, लाहुल-स्पीति 65 व ऊना में 36 प्रतिशत कम वर्षा हुई।

यह भी पढ़ें- Shimla News: प्रदेश में तूल पकड़ता जा रहा अवैध मस्जिद निर्माण का मामला, सांप्रदायिकता के खिलाफ सम्मेलन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर