Move to Jagran APP

Himachal Rains: हिमाचल में बारिश और भूस्खलन ने ढाया कहर, 52 की मौत; तबाही ऐसी हवा में तैर रहीं रेल लाइनें

Himachal Rains हिमाचल प्रदेश में बारिश ने पूरा जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा ने सोलन शिमला और सिरमौर जिला में तबाही मचाई है। 52 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग लापता हैं। शिमला में शिव मंदिर पर मलबा गिर तो शहर के ही फागली में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले नेपाली समुदाय के लोगों पर मलबा कहर बनकर टूटा।

By Jagran NewsEdited By: Prince SharmaUpdated: Tue, 15 Aug 2023 05:43 AM (IST)
Hero Image
Himachal Rains: शिमला, सोलन व सिरमौर में बारिश ने ढाया कहर

शिमला/नालागढ़/नाहन, जागरण टीम। हिमाचल में भारी वर्षा, बाढ़ व भूस्खलन से सोमवार को 52 लोगों की मौत हो गई, जबकि 56 लोग लापता हैं। भारी वर्षा ने सोलन, शिमला और सिरमौर जिला में तबाही मचाई है।  यहां 24 लोगों की मौत हो गई और कईं लापता हैं।

शिमला में शिव मंदिर पर मलबा गिर तो शहर के ही फागली में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले नेपाली समुदाय के लोगों पर मलबा कहर बनकर टूटा। पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि मलबे ने इनके घरों को तहस-नहस कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला सुनील नेगी ने बताया कि घायल लोगों को आइजीएमसी में भर्ती करवाया गया है।

ये लोग हुए आपदा का शिकार

समरहिल के पास हुए हादसे में अमन शर्मा, सहिसा, सुइसा, संतोष, किरण, संजीव ठाकुर व अमित ठाकुर की मौत हो गई। फागली में सलाहुदीन, यासीर खान, सुनीता व कमला की जान गई है। एक शव की पहचान नहीं हुई है। वहीं, नवीन, दीपक, विकास, खुरशीद मुहम्मद, निधि, ममता, सुरेश, साहिल, प्रदीप, विद्यासागर, अंकुश कुमार, राहुल, सावन, अरुण घायल हुए हैं। इसके अलावा संजौली में भूस्खलन की चपेट में आने से व्यक्ति घायल हो गया है। भट्ठाकुफर व ढली सड़क पर भूस्खलन में लगभग 12 वाहन दबे।

बादल फटने से खेतों को नुकसान

शोघी-आनंदपुर सड़क पर बादल फटने से खेतों को नुकसान पहुंचा है। शिमला के ढली के इंद्रनगर और ढली बाईपास में 12 से अधिक वाहन मलबे की चपेट में आ गए हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पुस्तकालय भवन के नीचे दरारें आ गई हैं।

सोमवार सुबह छह बजे उपनगर टुटू में हीरानगर के पास भूस्खलन के कारण मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग सुबह तीन घंटे तक बंद रहा। वहीं, सोलन जिला के रामशहर के गांव बानली कनेटा में बारिश से एक मकान गिर गया। मलबे में दबने से 65 वर्षीय फूला देवी की मौत हो गई। पंचायत प्रधान रघुराज का कहना है कि बारिश के चलते मकान गिर जाने से हादसा हुआ। परिवार के एक व्यक्ति, महिला व तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एसडीएम नालागढ़ दिव्यांशु सिंघल ने कहा कि प्रभावितों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये दिए हैं।

रविवार रात साढ़े 10 बजे भूस्खलन के कारण एनएच बंद है।

सोलन जिले के परवाणू में चक्की मोड़ के पास कालका-शिमला फोरलेन बंद। रविवार रात साढ़े 10 बजे भूस्खलन के कारण एनएच बंद है। चक्की मोड़ में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने सड़क पर नई दरारें देखने के बाद बड़े वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग उपायुक्त से की थी, जिसके बाद उपायुक्त ने रविवार शाम बसों व बडे वाहनों की आवाजाही सोलन से परवाणू और परवाणू से सोलन दोनों ओर को तत्काल रूप से बंद करवा दिया था। हालांकि उस समय छोटे वाहनों की आवाजाही यहां से सुचारू थी, लेकिन रविवार रात हुए भूस्खलन को देखते हुए सभी वाहनों को रोक दिया गया था।

Heavy Rain in Himachal: 117 मकान मलबे में ढहे, 79 पशुशालाएं ध्वस्त… रुक नहीं रहा बर्बादी की बारिश का तांडव

सिरमौर जिले में वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के कंडईवाला में रविवार शाम साढ़े छह बजे बादल फटने से रात को 50 घरों में मलबा घुस गया और करीब 70 बीघा में लगी फसल बर्बाद हो गई है। बेघर लोगों को स्कूल में शरण दी गई है।

हवा में लटकी रेल की पटरी

समरहिल के पास एंथली स्थित शिव बाड़ी मंदिर में भूस्खलन होने के कारण कालका-शिमला रेलमार्ग हवा में लटक गया है। यहां 20 से 30 मीटर रेललाइन हवा में लटकी हुई है।

Heavy Rain in Himachal: हमीरपुर के सुजानपुर में बारिश का कहर, पानी में डूबा शहर; एक प्रवासी की मौत

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।