Move to Jagran APP

Shimla: प्रदेश में आज से फिर वर्षा और हिमपात की संभावना, हिमस्खलन से तांदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध, 36 लोग फंसे

Himachal Weather News प्रदेश में बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और शुक्रवार तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आंधी के साथ वर्षा हो सकती है। इससे ठंड बढ़ेगी।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Wed, 08 Feb 2023 09:52 AM (IST)
Hero Image
हिमाचल प्रदेश में हिमपात से 145 सड़कें बाधित हैं।
शिमला, जागरण संवाददाता। प्रदेश में बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और शुक्रवार तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आंधी के साथ वर्षा हो सकती है। इससे ठंड बढ़ेगी। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों सहित छह स्थानों कल्पा, केलंग, मनाली, कुकुमसेरी और नारकंडा में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है।

शिमला शहर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि प्रदेश के निचले क्षेत्रों में तापमान शिमला से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि तीन दिन तक हिमपात व वर्षा की संभावना है।

145 सड़कें खोलने का प्रयास

प्रदेश में हिमपात से 145 सड़कें बाधित हैं, जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है। लाहुल स्पीति जिला में 121 सड़कें बाधित हैं, इनके अतिरिक्त चंबा में 11, कुल्लू में सात, किन्नौर, शिमला व कांगड़ा जिला में दो-दो सड़कें बंद हैं। लाहुल स्पीति और शिमला जिला में एक-एक ट्रांसफार्मर खराब है। चंबा और लाहुल स्पीति जिला में नौ पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

हिमस्खलन से तांदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध, 36 लोग फंसे 

तांदी-किलाड़ मार्ग मंगलवार को तिंदी के पास हिमस्खलन से अवरुद्ध हो गया। इससे चार वाहनों में पांगी जाने वाले 36 लोग फंस गए हैं। तिंदी निवासी राहुल ने बताया कि पुलिस की मदद से सभी लोगों को रेस्क्यू कर तिंदी में वन विभाग के रेस्ट हाउस व स्थानीय लोगों के घरों में ठहराया गया है। उन्होंने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें-Shimla News: पेयजल की समस्या से जूझता शिमला का ये गांव, कब होगा समाधान?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।