Move to Jagran APP

Shimla News: लाहुल स्पीति के सूर्य नाले में हिमस्खलन मयाड़ घाटी का उदयपुर से संपर्क कटा, 35 सड़कें अब भी बंद

लाहुल स्पीति के उदयपुर उपमंडल के सूर्य नाले में हिमस्खलन होने से मयाड़ घाटी का उदयपुर से संपर्क कटा गया है। घाटी के ग्रामीण 25 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हो गए हैं। हिमस्खलन से हालांकि कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ है लेकिन सड़क बंद हो गई है।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Mon, 24 Apr 2023 08:25 AM (IST)
Hero Image
लाहुल स्पीति के सूर्य नाले में हिमस्खलन मयाड़ घाटी का उदयपुर से संपर्क कटा
राज्य ब्यूरो, शिमला: लाहुल स्पीति के उदयपुर उपमंडल के सूर्य नाले में हिमस्खलन होने से मयाड़ घाटी का उदयपुर से संपर्क कटा गया है। घाटी के ग्रामीण 25 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हो गए हैं। हिमस्खलन से हालांकि कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन सड़क बंद हो गई है। शकोली नाले में हिमस्खलन के साथ मलबा व चट्टानें आ गिरी हैं। वहीं, पांच दिन से बंद लाहुल घाटी रविवार को सैलानियों के लिए बहाल हो गई।

अटल टनल रोहतांग के उस पार जाने की दी अनुमति

रविवार सुबह धूप खिलती देख पुलिस ने सैलानियों को अटल टनल रोहतांग के उस पार जाने की अनुमति दे दी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मनाली-दारचा मार्ग को बहाल कर दिया है। बीआरओ की टीम दारचा से एक ओर शिंकुला तो दूसरी ओर बारालाचा दर्रे की बहाली की ओर बढ़ गई है। लाहुली घाटी की दोनों मुख्य सड़कें बीआरओ ने बहाल कर दी हैं। चंबा जिला के तहत करीब एक सप्ताह से बंद किलाड़ से मनाली मार्ग रविवार को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया।

35 सड़कें यातायात के लिए बंद

वहीं, प्रदेश में अब भी 35 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि 83 ट्रांसफार्मर खराब हैं। लाहुल स्पीति में 25, कुल्लू में चार, चंबा व कांगड़ा में दो-दो, किन्नौर व शिमला में एक-एक सड़क बंद है। लाहुल स्पीति और कुल्लू में 29-29 और चंबा में 25 ट्रांसफार्मर खराब हैं। लाहुल स्पीति में 49 और चंबा में एक पेयजल योजना प्रभावित है।

रविवार को अधिकतम तापमान में चंबा में 5.8 डिग्री और मनाली में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, इसके कारण किन्नौर व लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में आंधी चलने, बिजली गिरने और वर्षा होने का यलो अलर्ट जारी किया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।